कई किस्तों में रकम लेने के बाद रजिस्ट्री में कर रही थी टालमटोल
अंबिकापुर। जमीन रजिस्ट्री के नाम पर धोखाधड़ी करके 17 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने आरोपिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपिया के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल जप्त कर लिया है।
मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा निवासी संजय साहू ने न्यायालय में एक परिवाद पेश किया था, जिस पर न्यायालय के द्वारा मामले में प्रथम सूचना दर्ज करने हेतु आदेशित किया गया। इसी क्रम में प्रार्थी ने थाना मणीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वर्ष 2020 में गायत्री पटेल 46 वर्ष, निवासी सत्तीपारा ने स्वयं के नाम से खसरा नंबर 146/26 में रकबा 0.057 हे. (सवा 14 डिसमिल) भूमि ग्राम बिशुनपुर थाना व तहसील अम्बिकापुर में होना बताकर विक्रय करने की इच्छा जाहिर की। संजय साहू उक्त भूमि का सौदा करने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद महिला ने पैसा अकाउंट में डाल देने के लिए कहा तो वह बैंक जाकर गायत्री पटेल के खाता में 50 हजार रुपये, इसके बाद महिला के मांग पर कई किस्तों में कुल 17 लाख 50 हजार रुपये भेज दिया। इसके बाद भी महिला रजिस्ट्री या पॉवर ऑफ अटार्नी करने अंबिकापुर नहीं आई और लगातार टाल-मटोल कर रही थी। रिपोर्ट पर थाना मणीपुर में धारा 420 भा.दं.सं. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपिया को विवेचना में सहयोग करने के लिए थाना में उपस्थित होने धारा 41 (द) दं.प्र.सं. का नोटिस दिया। इसके बाद महिला ने विवेचना में सहयोग नहीं किया और थाना में उपस्थित नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपिया गायत्री पटेल 46 वर्ष, निवासी सत्तीपारा अंबिकापुर, वर्तमान ठिकाना आनन्द नगर रेलवे स्टेशन के पास ब्लॉक नंबर 45, ग्राम धोराजी राजकोट गुजरात को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने उपरोक्त जमीन को संजय साहू को विक्रय करने हेतु सौदा तय करके एग्रीमेन्ट कर चाही गई रकम को किस्तों में नगद व अपने खाते में प्राप्त करना व उक्त भूमि की रजिस्ट्री नहीं करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपिया को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक शौकीलाल, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, महिला आरक्षक सुमन कश्यप, सुमन तिग्गा, नीलम यादव, आरक्षक उमाशंकर साहू व साइबर टीम से जितेश साहू सक्रिय रहे।

Categorized in: