शहर के शंकरघाट स्थित मुक्तिधाम में गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

अंबिकापुर। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर गुरुवार की दोपहर ग्राम पंचायत संजयनगर स्थित पिलखा ढाबा के सामने हुए सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें से एक की मौत रायपुर ले जाते समय रास्ते में हो गई। दूसरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है, उसका इलाज चल रहा है। घटना से स्वजन शोकाकुल हैं। मृत छात्र का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दोपहर बाद शहर के शंकरघाट स्थित मुक्तिधाम में किया गया।

जानकारी के अनुसार मनेन्द्रगढ़ रोड अंबिकापुर स्थित रावत रेसिडेंस कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय अर्जुन सिंह रावत पिता हर्ष सिंह रावत अपने दोस्त रुद्रांश जायसवाल के साथ स्कूटी क्रमांक सीजी 15 सीवाई 3008 से गुरुवार की दोपहर जयनगर की ओर गया था। दोनों वापस लौट रहे थे, तभी अंबिकापुर से बिश्रामपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार मिनी ट्रक क्रमांक सीजी 15ईएच 8857 का चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मिनी ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगते ही स्कूटी सड़क पर फेंका गई और दोनों छात्र सड़क पर गिर गए थे। हादसे में रुद्रांश जायसवाल को अंदरूनी चोटें आई है, लेकिन अर्जुन रावत के सिर में गंभीर चोट लगी थी, उसे स्वजन रायपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई, रूद्रांश का इलाज चल रहा है। मृत अर्जुन सिंह रावत का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दोपहर बाद शहर के शंकरघाट स्थित मुक्तिधाम में किया गया।
ट्रक की चपेट में आए ऑटो चालक की दर्दनाक मौत

अंबिकापुर-बनारस मार्ग में चठिरमा चौक के पास ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रक के पहिए के नीचे ऑटो चालक आ गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। गांधीनगर थाना पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की विवेचना कर रही है।
जानकारी के अनुसार विकास पासवान झारखंड का रहने वाला है, वह अंबिकापुर स्थित गंगापुर में अपने जीजा के घर रहकर ऑटो चलाता था। गुरुवार को वह ऑटो क्रमांक सीजी 15 ई 0434 से सवारी छोड़ने चठिरमा गया था। चठिरमा चौक के पास ऑटो को मोड़ रहा था, तभी बनारस चौक की ओर आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक एचआर 69सी 9267 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो का चालक विकास ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मर्च्युरी में रखवाया है, और झारखंड से स्वजन के आने का इंतजार कर रही है।

Categorized in: