अंबिकापुर। लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत लब्जी और पुहपुटरा में पहाड़ी कोरवा समुदाय व जनजातीय आदिवासी उपचारकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निक्षय दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य टीबी के संदर्भ में समुदाय को जागरूक करना था। क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में पिरामल फाउंडेशन जिला कार्यक्रम समन्वयक सरस्वती विश्वकर्मा के द्वारा पहाड़ी कोरवा समुदाय और जनजातीय आदिवासी उपचारकर्ताओं को टीबी मुक्त पंचायत, निक्षय दिवस के मुख्य बातों से अवगत कराया। साथ ही टीबी उन्मूलन की दिशा में कार्य करने तथा इस रोग से प्रभावित लोगों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने कहा ताकि टीबी रोग के प्रति लोग जागरूक हों। टीबी से संबंधित कार्यक्रमों एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को टीबी के सामान्य लक्षण खांसी, बुखार, वजन कम होना, सीने में दर्द तथा थकान के बारे में जानकारी दी गई, साथ ही निक्षय पोषण योजना, स्वास्थ्य विभाग से उपस्थित अधिकारियों के द्वारा टीबी रोग व अन्य बीमारियों से स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधित जानकारियां प्रदान की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में टीबी का उपचार नि:शुल्क होता है, इसकी दवाइयां भी नि:शुल्क दी जाती है। जनजातीय आदिवासी उपचारकर्ताओं द्वारा जो भी संभावित टीबी मरीजों के इलाज हेतु स्वास्थ्य केंद्र रेफर किए जा रहे हंै, उनकी जानकारी भी नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र, संबंधित आशा, मितानिन, सरपंच, सचिव को देने का आग्रह किया गया, ताकि उन्हें भी इसकी जानकारी हो। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीणों का सहयोग रहा।

Categorized in: