उदयपुर। सरगुजा जिले के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय लखनपुर में एक पद पर दो लोगों की पदस्थापना सुर्खियों में है। मामला लखनपुर विकासखंड का है, यहां आलोक सिंह और मनोज तिवारी बीईओ की कुर्सी पर डटे हैं। सहायक खंड शिक्षा अधिकारी मनोज तिवारी अपनी मूल पदस्थापना पर लौटने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है, जो जनचर्चा का विषय बना हुआ है। विभाग के आला अधिकारी कोई भी निर्णायक कदम उठा पाने की स्थिति में नहीं हैं। जिला शिक्षा अधिकारी और संयुक्त संचालक एक-दूसरे पर जिम्मेदारी का ठीकरा फोड़ रहे हैं।

मामले की शुरुआत 18 जनवरी 2023 से हुई, जब मनोज तिवारी को शिक्षक (एलबी) के पद से प्रभारी एबीईओ के पद पर लखनपुर में नियुक्त किए गए। इनकी मूल पदस्थापना पूर्व माध्यमिक शाला ढोढाकेसरा में है, लेकिन युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के बाद उन्हें मूल पद पर लौटना था। बावजूद इसके वे लखनपुर बीईओ कार्यालय से हटने का नाम नहीं ले रहे हैं। सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता ने इस मुद्दे पर डीईओ डॉ. दिनेश कुमार झा को पत्र लिखकर प्रभारी एबीईओ को हटाने आदेशित किया। डीईओ ने 26 दिसंबर 2025 को जवाबी पत्र में याद दिलाया कि प्रभारी एबीईओ की नियुक्ति का आदेश संयुक्त संचालक के कार्यालय से ही जारी हुआ था, इसलिए वे खुद ही उन्हें हटा सकते हैं। इस पत्राचार से साफ है कि दोनों अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर टालमटोल की कोशिश कर रहे हैं। सरगुजा जिला प्रशासन से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जल्द ही उच्चाधिकारियों की बैठक में इस पर फैसला लिया जा सकता है।

Categorized in: