छत्तीसगढ़ के कई लोगों को थमा चुका है फर्जी प्रमाणपत्र
अंबिकापुर। कूटरचित जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाकर वितरित करने के मामले में चॉइस सेंटर के संचालक को बलिया उत्तर प्रदेश से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मणिपुर थाना पुलिस टीम द्वारा मामले में आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपी फर्जी तरीके से छत्तीसगढ़ के कई निवासियों का कूटरचित जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस टीम द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं एक फर्जी प्रमाण पत्र जप्त किया है।
बता दें कि राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला अस्पताल के सहायक जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ संटू बाघ ने 20.03.2024 को थाना मणिपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि पंजीयन इकाई शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबंद्ध चिकित्सालय अंबिकापुर में मैन्युअल जन्म-मृत्यु पंजीयन अप्रैल 2013 से किया गया है। विभिन्न च्वाइस सेंटर के द्वारा वर्ष 2013 से पूर्व अन्यत्र से बने जन्म प्रमाणपत्र में रजिस्ट्रार जन्म-मृत्यु जिला चिकित्सालय अंबिकापुर का असंवैधानिक रूप से हस्ताक्षर फर्जी तरीके से स्कैन कर प्रमाण पत्र को डिजिटल किया जा रहा है। हितग्राही जब उक्त फर्जी प्रमाण पत्र में कार्यालय का सील लगवाने आया तो इसका पर्दाफास हुआ। हितग्राही से पूछने पर उसने ऑनलाइन प्रमाण पत्र विभिन्न च्वाइस सेंटरों से बनाना बताया। वर्ष 2006, 1970, 1984, 2011 में जन्म लिए लोगों का ऑनलाइन प्रमाणपत्र सामने आने से हरकत में अस्पताल प्रबंधन आया, क्योंकि 2013 से पूर्व जिला अस्पताल से ऐसा प्रमाण पत्र जारी ही नहीं किया गया है और ना ही कोई रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया था। विभिन्न च्वाईस सेंटरों के द्वारा फर्जी तरीके से जिला रजिस्ट्रार जन्म मृत्यु जिला चिकित्सालय अंबिकापुर का फर्जी हस्ताक्षर बनाकर कूटरचित प्रमाण पत्र हितग्राहियों को वितरित करने के प्रमाण स्वरूप जप्त किए गए 6 जन्म प्रमाण पत्र पुलिस के समक्ष पेश किया गया, जिस पर थाना मणिपुर में अपराध क्रमांक 97/25, धारा 318(4) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। दौरान विवेचना पुलिस टीम ने मामले में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले में शामिल आरोपी के संबंध में तकनीकी जानकारी प्राप्त होने पर पुलिस टीम आरोपी की गिरफ़्तारी के लिए बलिया उत्तर प्रदेश पहुंची और आरोपी अक्षय कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक बबलू कुजूर व धीरज गुप्ता, महिला प्रधान आरक्षक मालती तिवारी, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, अतुल शर्मा, निर्मल साय सक्रिय रहे।
250 रुपये लेकर फर्जी बनवाया फर्जी प्रमाणपत्र
पुलिस टीम ने आरोपी अक्षय कुमार यादव पिता निर्मल यादव 26 वर्ष, निवासी कोडहरा थाना दोकटी जिला बलिया उत्तर प्रदेश को कब्जे में लिया और पूछताछ की तो उसने 250 रुपये प्रति सर्टिफिकेट लेकर लगभग 150-200 लोगों का कूटरचित जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं एक फर्जी प्रमाण पत्र जप्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में पेश कर दिया है।

Categorized in: