बिश्रामपुर। बचपन के दोस्त, हंसी-ठिठोली और पिकनिक की याद पर कोयलांचल में ऐसा ही एक खुशनुमा दिन अचानक एक खूनी हमले में बदल गया। घटना एक मामूली विवाद से शुरू हुआ और चाकू की नोंक तक जा पहुंच गया, जहां एक कॉलेज छात्र पर उसी के दोस्त ने घर बुलाकर जानलेवा हमला कर दिया। गौरतलब है कि बुधवार रात जब साईं बाबा कॉलेज, अंबिकापुर में पढ़ाई कर रहा छात्र अनुग्रह शिंदे, अपने दोस्तों राहुल यादव, रोहित तिवारी, आकाश सिंह और अभिषेक कश्यप के साथ लिब्रा वॉटर फॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर अनुग्रह और आकाश सिंह के बीच कहासुनी हो गई।पिकनिक से लौटने के कुछ देर बाद आकाश सिंह ने अनुग्रह को फोन कर अपने घर ग्राम पंचायत सतपता बुलाया। दोस्त की कॉल समझकर अनुग्रह वहां पहुंचा भी गया, लेकिन वहां जो हुआ वह किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। आरोप है कि वहां पहले जमकर गाली-गलौज हुई और अचानक आकाश ने चाकू निकालकर अनुग्रह पर हमला कर दिया। इस हमले में अनुग्रह के चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की शिकायत बिश्रामपुर थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी आकाश सिंह, उसके पिता कन्हैया सिंह, चाचा दिनेश सिंह, भाई कन्नू सिंह, और चाची संगीता व मीना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (2), 191(3), 296, 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार रात लगभग 10 बजे की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। यह घटना न सिर्फ दोस्ती के रिश्ते को कलंकित करती है, बल्कि युवाओं के बीच बढ़ती आक्रामकता और असहनशीलता पर भी सवाल खड़े करती है। एक छोटी-सी बहस कैसे हिंसा में बदल जाती है, यह घटना उसकी जीती-जागती मिसाल है।

Categorized in: