फायर मैनों ने आग बुझाने झोंकी ताकत, संजय पार्क के पास हाइवे में लगा जाम

अंबिकापुर। अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग, नेशनल हाइवे क्रमांक 343 में संजय वन वाटिका के पास स्थित मयूरी ई-रिक्शा, केन गुप्ता एजेंसी में शनिवार की दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग से ई-रिक्शा के अलावा डीजे सांउड सिस्टम, एम्पलीफायर, बैटरी जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 3 टीमें मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से करीब 50-60 लाख की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक संजय पार्क के पास बौरीपारा निवासी देवेन्द्र गुप्ता का मयूरी ई-रिक्शा एजेंसी है। यहां ई-रिक्शा के अलावा डीजे साउंड सिस्टम बनाया जाता है। दोपहर करीब 2 बजे साउंड सिस्टम वाले दुकान से धुआं निकलते देख दुकान कर्मचारी ने इसकी सूचना दुकान संचालक के पुत्र को दी। उन्होंने तत्काल फायर स्टेशन को इसकी जानकारी दी और स्वयं अन्य लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग बुझने के बजाए फैलती ही चली गई। दुकान में ई-रिक्शा का लाखों का कलपुर्जा, वहीं इससे लगे एक अन्य गोदाम में बड़ी संख्या में साउंड सिस्टम व एम्प्लीफायर, माइक सहित अन्य सामान रखे थे। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया, और आग की चपेट में शो-रूम में रखे ई-रिक्शा के अलावा साउंड सिस्टम, एम्पलीफायर, बैटरियां भी आ गईं। लगभग आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग विकराल रूप ले लिया था। इलेक्ट्रॉनिक सामान में लगी आग इतनी भीषण थी कि मौके पर अग्निशमन विभाग की अतिरिक्त टीमों को बुलाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन शो-रूम और गोडाउन में रखा कई लाख का सामान जलकर खाक हो गया था। शॉर्ट-सर्किट या चार्जिंग के दौरान बैटरी फटने से आग लगने की संभावना जताई जा रही है। आग लगने की घटना में दुकान संचालक को वास्तव में कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आंकलन फिलहाल नहीं हो पाया है।

वाहनों को डायवर्ट मार्ग से भेजा गया
रामानुजगंज मार्ग पर भीषण आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर एएसपी पहुंचे, और पुलिस टीम के साथ डटे रहे। आग की भयावहता को देखते हुए दो घंटे के अंदर 5 दमकल की गाड़ियों को बुलाना पड़ा। इस दौरान मार्ग में जाम की स्थिति निर्मित हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम द्वारा आवागमन को सुचारू करने के साथ ही दमकल वाहनों के लिए रास्ता क्लीयर कराने मशक्कत करती रही। इस दौरान एनएच पर दोनों ओर भारी वाहनों की लाइन लग गई थी, जिस कारण पुलिस ने डायवर्ट मार्ग से वाहनों का आवागमन शुरु कराया।

Categorized in: