बलरामपुर। रामानुजगंज सीमा से सटे झारखंड के ग्राम गोदरमाना में सोमवार को दिन में 11 बजे के लगभग पटाखा दुकान में आग लग गई। दुकान संचालक सहित एक ग्राहक एवं 3 बच्चे दुकान के बगल के कमरे में जाकर जान बचाने के लिए छिप गए, दम घुटने से पांचों की मौत हो गई। घटना के बाद पांचों को जेसीबी से दीवाल तोड़कर बाहर निकालने के बाद तत्काल रामानुजगंज 100 बिस्तर अस्पताल लाया गया, यहां डॉक्टर ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद रामानुजगंज एवं गोदरमना में मातम पसर गया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर दु:ख व्यक्त किया है।
जानकारी के मुताबिक रामानुजगंज से लगे गढ़वा जिला के रंका थाना अंतर्गत ग्राम गोदरमाना में दिन में लगभग 11 बजे पटाखा दुकान में बाहर लगाए हुए चौकी में आग लग गई। आग से बचने दुकानदार सहित सभी व्यक्ति दुकान के अंदर घुसकर शटर को बंद कर दिए, इसी बीच आग दुकान तक पहुंच गई। घटना की सूचना रंका पुलिस को दी गई, इनके पहुंचने से पहले उपस्थित जनों ने रामानुजगंज के नगर पालिका परिषद में फोन कर फायर बिग्रेड मंगवा लिया था। आग बुझाने के बाद जेसीबी से दुकान के पीछे हिस्से को तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया। रामानुजगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर लगते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। स्वजनों की चीख-पुकार से सभी की आंखें भर आई। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में ये छिपे थे, वहां वेंटीलेटर भी नहीं था, जिस कारण पांचों का दम घुट गया और वे बेहोश हो गए।
हादसे में इनकी हुई मौत
भंडारिया निवासी अशोक केसरी 35 वर्ष, गोदरमाना निवासी नयन केसरी 10 वर्ष, श्रेयांश केशरी उर्फ भोला 8 वर्ष, दुकानदार कुश गुप्ता 48 वर्ष, बूढ़ा परास निवासी सहायिका सुशीला केरकेट्टा 14 वर्ष।

Categorized in: