अंबिकापुर। भालू के हमले से गंभीर रूप से जख्मी गर्भवती महिला ने 108 एंबुलेंस में आठवें बच्चे को जन्म दिया। ईएमटी सत्येंद्र सिंह एवं पायलेट खेल साय ने महिला की पीड़ा को देखकर स्वजन के सहयोग से उसका सुरक्षित प्रसव कराया।
जानकारी के अनुसार मनेंद्रगढ़ ब्लॉक के बिहारपुर पंचायत अंतर्गत ग्राम छिरछा निवासी शांति बाई पति ब्रम्हा नंद 30 वर्ष, 10 सितंबर की सुबह अपने घर से महज कुछ दूर खेत तरफ गई थी, वही पर जंगली भालू ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घायल अवस्था में जैसे तैसे घर पहुंची, फिर स्वजन उसे तत्काल किसी निजी वाहन से मनेंद्रगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखकर आवश्यक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के बाद उसे 11 बजे रेफर कर दिया था। महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर, संजीवनी 108 से लाया गया, लेकिन गर्भवती होने के साथ भालू के द्वारा पहुंचाए गए जख्म को देखते हुए चिकित्सक आवश्यक उपचार, जांच के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया। जंगली भालू ने महिला के चेहरे को गंभीर रूप से क्षति पहुंचाया ये, महिला 9 माह गर्भवती भी थी, ऐसी नाज़ुक स्थिति को देखते हुए महिला को ईएमटी और पायलट डीकेएस अस्पताल रायपुर लेकर संजीवनी 108 एंबुलेंस से रवाना हुए। इधर रायपुर जाते समय पीड़िता को रात्रि लगभग 8.45 बजे लेबर पेन शुरु हो गया। महिला की नाज़ुक स्थिति को देखते हुए ईएमटी सत्येंद्र सिंह एवं पायलट खेलसाय ने ग्राम मडई में रात्रि 9.11 बजे महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।
प्रसव के बाद घायल महिला एवं नवजात शिशु को सुरक्षित रूप से मेकाहारा रायपुर में भर्ती कराया। महिला आठवें शिशु को जन्म दी, जो पूर्ण रूप से स्वस्थ है। महिला को प्लास्टिक सर्जरी के लिए डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Categorized in: