अंबिकापुर। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला अस्पताल का दंत रोग विभाग कैंसर पीड़ितों के लिए वरदान साबित हो रहा है। यहां अब तक हुए जटिल ऑपरेशनों के बाद दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोगों का आना हो रहा है। मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. अविनाश मेश्राम के द्वारा विभाग में आने वाले गंभीर मरीजों के लिए सर्वसुविधा मुहैया कराई जा रही है, जिस कारण निजी अस्पताल से रेफर केस भी यहां इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे ही एक ग्रामीण को मुख कैंसर की पीड़ा से यहां के चिकित्सक ने निजात दिलाया, जिससे वह काफी राहत महसूस कर रहा है। बड़ी बात यह है कि संपूर्ण नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ उसे मिला है।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर विकासखंड के ग्राम मलगवां निवासी बुधरचन सिंह 67 वर्ष को तंबाकू का सेवन करने के कारण मुंह में छाला हो गया था। इससे अनभिज्ञ रहने के कारण उसकी पीड़ा बढ़ती ही जा रही थी। खाना खाने के साथ ही अन्य दिक्कतों का उसे सामना करना पड़ रहा था। स्वजन उसे शहर के निजी अस्पताल में लेकर गए, यहां जांच में ही काफी खर्च हो गया। कैंसर का लक्षण सामने आने पर उसे दूसरे अस्पताल का रास्ता देखना पड़ रहा था। ऐसे हालातों के बीच वह जांच रिपोर्ट लेकर मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल के दंत रोग विभाग में 2-3 मार्च को पहुंचा था। यहां डॉ. अभिषेक हरीश ने जांच रिपोर्ट देखने के बाद उसका इलाज शुरू किया और 5 मार्च को ऑपरेशन करके मुख कैंसर के कारण सड़ गए जबड़ा को लगभग 4 घंटे की सर्जरी करके सही किया। इस कार्य में एनिस्थीसिया विभाग के एचओडी डॉ. निगम, डॉ. ऐश्वर्या ने सहयोग किया। ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने उसे समुचित उपचार सुविधा दिलाई और ठीक होने पर छुट्टी दे दी है। डॉ. अभिषेक ने बताया कि मरीज को अब सेकाई के लिए रायपुर ले जाने की सलाह दी गई है।

Categorized in: