मायके से ससुराल आए 2 घंटे हुए थे, शरीर में मारपीट से उभरे निशान देखकर रो पड़े स्वजन फोटो-2
अंबिकापुर। मायके से ससुराल आई नवविवाहिता को दो घंटे हुए थे, इस बीच वह कथित रूप से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतिका के शरीर में जगह-जगह चोट का निशान देखने के बाद स्वजनों ने मारपीट करके फांसी पर लटकाने का संदेह जाहिर किया है। पुलिस ने न्यायिक अधिकारी की मौजूदगी में मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
झारखंड के गढ़वा जिला अंतर्गत घुरियाही ग्राम निवासी बबलू कुमार ने बताया कि उसकी बहन रोशनी कुमारी (19) का विवाह 2 दिसम्बर 2024 को ठेला में होटल संचालन व शादी-ब्याह में काम करने वाले भट्टापारा अंबिकापुर निवासी अक्षय कुमार उर्फ शक्तिमान से हुआ था। तीन माह पूर्व विवाह होने के कारण परंपरा के अनुसार होली के मौके पर बहन को उन्होंने मायके आने कहा था। 13 मार्च 2025 को वह अपने पति के साथ मायके आई थी। 14 मार्च को दोनों मोटरसायकल से देवता पूजा के लिए लेसरीगंज हरतुआ गए थे। पूजा से वापस आने के बाद 18 मार्च को बहन दामाद अक्षय कुमार ने अंबिकापुर में काम होने की बात कहकर उसे वापस घर चलने के लिए कहा, जिस पर रोशनी ने कुछ काम होगा, सोचकर स्वजन से घर जाने की बात कही और वे इन्हें रात 11.30 बजे बस में बैठाकर रवाना कर दिए। 19 मार्च की सुबह लगभग 6 बजे दोनों अंबिकापुर पहुंच गए थे, इसकी जानकारी फोन करके रोशनी मायके में 7 बजे दी थी। आधे घंटे बाद 7.30 बजे पुन: मोबाइल पर वह माता-पिता के पास फोन करके ससुराल में मारपीट करने की जानकारी दे ही रही थी, इस बीच फोन संभवत: किसी ने ले लिया और बचाओ-बचाओ की आवाज के साथ फोन कट गया। आधे घंटे बाद 8 बजे बहन दामाद का छोटा भाई अपनी भाभी का नाम लेकर बताया कि रोशनी फांसी लगा ली है। यह सुनकर पूरा परिवार सदमे में आ गया। आनन-फानन में वे अंबिकापुर पहुंचे तो पता चला कि रोशनी को फांसी से उतारकर ससुराल पक्ष के लोग एक निजी अस्पताल ले गए थे, यहां से जवाब देने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया था। स्वजन का कहना है कि ससुराल घर में जहां मृतिका के द्वारा फांसी लगाना बताया जा रहा है, उसकी ऊंचाई देखने के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मारपीट के बाद उसे फांसी पर लटकाया गया है। पुलिस मायके व ससुराल पक्ष का बयान लेने के बाद मर्ग कायम करके अग्रिम जांच, कार्रवाई में जुट गई है।
बुलेट फिर चारपहिया वाहन के लिए मांगे थे रुपये
मृतिका रोशनी कुमारी के भाई का कहना है कि विवाह के समय दहेज में 2 लाख रुपये नगद, जेवर सहित सभी घरेलू सामान देकर उन्होंने बहन की विदाई की थी। विवाह हुए चंद दिन हुए थे, बुलेट मोटरसायकल के लिए 2 लाख रुपये की मांग की गई, जिसे उन्होंने पूरा किया। इसके बाद फोर व्हीलर खरीदने के लिए 3 लाख रुपये और देने दबाव बनाया जा रहा था। पूर्व में जब उनकी बहन मायके आई थी, तो इसकी जानकारी दी थी। यह भी बताया था कि उसके साथ सास, ननद और देवर मारपीट करते हैं। मायके पक्ष ने शादी के बाद बनी तंगी की स्थिति को देखते हुए उसे शांतिपूर्वक रहने की समझाइश देकर विदा कर दिया था।
शरीर में मारपीट से उभरा देखकर निकले आंसू
शव परीक्षण के दौरान मृतिका रोशनी के संबंधियों ने देखा कि उसके शरीर में जगह-जगह मारपीट से चोट का निशान उभर आया है। इसका फोटो दिखाते वे रो पड़े। इनका कहना था कि उन्होंने नहीं सोचा था कि 3 माह पहले ही जिस बेटी को उन्होंने धूमधाम से विवाह करके विदा किया था, पहली होली मायके में मनाने के बाद उसकी विदाई इतनी महंगी पड़़ेगी। मणिपुर थाना पुलिस के समक्ष भी उन्होंने ससुराल पक्ष के द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है और दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

Categorized in: