लोन प्राप्त करने वाले दंपती के पास पहुंचे बैंक कर्मी, तो उड़ गए होश
अंबिकापुर। लोन पास करवाने में सहयोग करने के बाद धोखाधड़ी करते हुए दंपती के बैंक खाते से 3 लाख 64 हजार रुपये निकालने की रिपोर्ट पर बतौली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम सिलमा निवासी कृषक हेमंत कुमार पैकरा 34 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि एचडीएफसी बैंक अंबिकापुर में वर्ष 2023 में गांव के ही लालचंद प्रजापति की मदद से उसके पिता होस राम पैकरा एवं मां धनेश्वरी के नाम से सामूहिक खाता खुला था, जिसमें लोन मेें प्राप्त 4 लाख 64 हजार रुपये जमा था। इसमें से 99 हजार 500 रुपये उन्होंने निकाला था। शेष रकम खाते में ही जमा था। 6 जून 2023 को उसके माता-पिता अंबिकापुर स्थित एचडीएफसी बैंक जाकर 49 हजार 500 रुपये और 17 अगस्त 2023 को कपंनी बाजार के पास स्थित बैंक में जाकर 50 हजार रुपये निकाले, दोनों बार लालचंद प्रजापति साथ में था। नवंबर 2024 में एचडीएफसी बैंक वालों ने कहा कि उन्हें लोन का पैसा ब्याज सहित करीब 6 लाख रुपये पटाना है, खाते में पैसा नहीं है। इस पर होस साय के पुत्र ने बताया कि उनके द्वारा सिर्फ एक लाख रुपये ही निकाला गया है, बाकी रकम खाते में जमा है। बैंक वालों ने बताया कि उनके खाते से लालचंद प्रतापति के खाता में रुपये ट्रांसफर हुआ है और बार-बार पैसा निकाला गया है। इसके बाद उन्हें लालचंद प्रजापति पर संदेह हुआ, जो घर में आकर कई बार कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराता था और एक बार ओटीपी भी लिया था। बहरहाल पुलिस ने 3 लाख 64 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में हेमन्त कुमार पैकरा की रिपोर्ट पर लालचंद के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: