वर्ष 2022 में दर्ज कोयले का अवैध उत्खनन व परिवहन के मामले में भी फरार था आरोपी
अंबिकापुर। जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करके जिले में बिना वैध अनुमति प्रवेश करने वाले व्यक्ति को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जिला दंडाधिकारी सरगुजा द्वारा 01 वर्ष के लिए सरगुजा जिला सहित आसपास के 05 जिलों से जिला बदर किया गया था। आरोपी को वर्ष 2022 में दर्ज कोयले के अवैध उत्खनन, चोरी एवं परिवहन करने के मामले में भी गिरफ्तार किया गया था, इसके बाद से आरोपी फरार था।
जानकारी के मुताबिक थाना गांधीनगर पुलिस टीम को 26 नवम्बर को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुहपुटरा लखनपुर निवासी अमोल राजवाड़े को जिला बदर किया गया था, जो थाना क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी करके अमोल राजवाड़े पिता गोविन्द राम राजवाड़े 32 वर्ष निवासी पुहपुटरा चिलबिलपारा थाना लखनपुर को कब्जे में लिया। आरोपी से जिला बदर होने के बावजूद प्रतिबंधित जिलों में प्रवेश करने के पूर्व पुर्वानुमति या किसी प्रकार के वैध दस्तावेज की मांग की गई, तो वह ऐसा कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। आरोपी अमोल राजवाड़े को जिला दण्डाधिकारी सरगुजा छ.ग. के आदेश की अवहेलना कर जिला बदर होने के बावजूद बिना वैध अनुमति जिला प्रवेश करने पर थाना गांधीनगर में धारा 233 बी.एन.एस. एवं धारा 14 रा.सु.का.1990 का अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, आरक्षक रविन्द्र साहू, पंकज लकड़ा, सैनिक अनिल साहू सक्रिय रहे।
खान एवं खनिज अधिनियम का अपराध भी है दर्ज
आरोपी अमोल राजवाड़े के विरुद्ध थाना गांधीनगर में वर्ष 2022 में ग्राम रनपुरकला क्षेत्र में प्रवाहित घुनघुट्टा नदी पर जेसीबी से कोयला का अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टर से परिवहन करने के मामले में धारा 379, 34 भादवि, 21(1) खान एवं खनिज अधिनियम का अपराध दर्ज किया गया है। प्रकरण में पूर्व में 03 आरोपी अकबर, हसन रजा एवं अखिलेश राजवाड़े को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी अमोल राजवाड़े के द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर जेसीबी मशीन लगाकर अत्यधिक मात्रा में अवैध कोयला उत्खनन कर परिवहन व बिक्री करके अवैध लाभार्जन किया जा रहा था, जिससे शासन को राजस्व की हानि हुई है। उक्त प्रकरण में आरोपी घटना दिनांक से फरार चल रहा था। इस मामले में भी आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।

Categorized in: