मामला सरपंच के पुत्र द्वारा फाइट से वार करके पंचायत सचिव के आंख को जख्मी करने का
उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत, केदमा पुलिस चौकी के ग्राम सायर में रात के अंधेरे में शराब के नशे में सड़क पर खड़े सरपंच के पुत्र ने पंचायत सचिव के आंख में फाइट से वार कर दिया, जिससे आंख से खून बहने लगा। आंख से खून बहते देखकर सरपंच का पुत्र मौके से फरार हो गया। इलाज के बाद पंचायत सचिव की स्थिति ऐसी है, कि दाहिने आंख से उसे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। मामले की प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद भी पुलिस के द्वारा किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक केदमा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सायर में 21 नवम्बर, गुरुवार को शाम करीब 6 बजे ग्राम पंचायत कुमडेवा के सचिव शिवभजन सिंह पंचायत का कार्य निपटाकर एक व्यक्ति से मिलने के लिए रुके थे। बातचीत के बाद वे अपने साथी के साथ निकलने वाले थे, इसी दौरान ग्राम सायर के सरपंच सरजू राम का पुत्र रामगोपाल पैकरा 30 वर्ष आया और बिना किसी कारण के बाइक में बैठे सचिव के दाएं आंख में फाइट से वार कर दिया, जिस कारण सचिव के आंख से खून बहने लगा। आंख से निकलते खून और दर्द के कारण सचिव कुछ देर के लिए जमीन पर बैठा रह गया। घटना के बाद सरपंच पुत्र मौके से भाग गया। पंचायत सचिव किसी तरह घर पहुंचा। स्वजन उसे कार से उदयपुर के शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र लेकर गए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। एक्स-रे, सीटी स्कैन जांच के बाद सचिव घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए केदमा पुलिस चौकी पहुंचा। यहां का नजारा कुछ और ही था। केदमा पुलिस चौकी में एक कर्मचारी एक घंटे बाद आया, जो क्या काम है, पूछने के बाद साहब को बुला रहा हूं कहते हुए चले गया। एक घंटे बाद दूसरे साहब आए और क्या काम है पूछकर चले गए। उधर दो आरक्षक गुलेल लेकर मुर्गा पकड़ने में मस्त थे। फिर एक घंटे बाद तीसरा व्यक्ति आया और वह सचिव से कहा सरपंच का बेटा आया था बताया कि सचिव को मार दिया हूं। 11 बजे से पुलिस चौकी में पहुंचे सचिव को काफी मशक्कत के बाद अपरान्ह 3 बजे डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए 22 किलोमीटर दूर उदयपुर भेजा गया और शाम 5 बजे मामला दर्ज किया गया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण ग्राम सायर में अवैध शराब की भट्टी चल रही है और शराब पीकर लोग उत्पात मचा रहे हैं। वनांचल के चौकी केदमा क्षेत्र में कोई कुछ भी करे पुलिस अपने में मस्त रहती है। सचिव के द्वारा मामला दर्ज कराए 5 दिन हो गए हैं, दोषी को गिरफ्तार करने में पुलिस नाकाम है।
कब होगी आरोपी की गिरफ्तारी
पंचायत सचिव शिवभजन सिंह ने बताया कि दर्द से कुछ राहत है, लेकिन चोंट लगे आंख से कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। आंख से अभी भी रक्तस्राव होता है। केदमा पुलिस चौकी में उन्होंने मामला जरूर दर्ज कराया है, पर दोषी के विरूद्ध किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई है।
चौकी प्रभारी ने कहा
केदमा चौकी प्रभारी संतराम गहिर का कहना है कि पंचायत सचिव पर हमला करने वाले आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस स्टाफ दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: