पूरे परिवार को दी जान से मार देने की धमकी, पुलिस कर रही जांच

अंबिकापुर। स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजे गए रजिस्टर्ड बंद लिफाफा में सत्या जेसीबी प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर को धमकी भरा एक पत्र मिला है, जिसमें 10 लाख रुपये की मांग की गई है। रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मार देने की धमकी दी गई है। घटना पुलिस के संज्ञान में आया है और मामले की गहन जांच में पुलिस जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक रिंग रोड़ अंबिकापुर में पॉलीटेक्निक कॉलेज के बगल में स्थित सत्या जेसीबी में गौरव वर्मा 30 वर्ष मैनेजर के पद पर पदस्थ हैं। 11 नवम्बर को वह रायपुर अपने पिता को उपचार के लिए लेकर गए थे। यहां से वापस आने के बाद अपने कार्यस्थल पर गए तो 12 नवम्बर को पोस्ट ऑफिस के माध्यम से स्पीड पोस्ट से उनके नाम एक लिफाफा आने की जानकारी मिली, जिसमें प्रेषक के स्थान पर एक वकील का नाम और अंबिकापुर उल्लेखित है। लिफाफा को खोलने पर उसमें एक अहस्ताक्षरित कम्प्यूटर टायपिंग किया हुआ पत्र मिला, जिसमें अश्लील गाली का उपयोग करते हुए काली घाट के पास नया पुलिया के नीचे सफेद बोरे के ऊपर जी लिखकर 10 लाख रुपये 20 नवम्बर की रात 11 बजे के पहले तक रखने धमकी भरे लहजे में कहा गया था। यही नहीं पुलिस को सूचना देने या पैसा नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। गौरव वर्मा के अनुसार पत्र को लिखने वाला व्यक्ति उसके पूरे परिवार से वाकिफ है, ऐसा प्रतीत होता है। क्योंकि पत्र में पैसा नहीं देने पर पिता, बहनोई और बहन को भी जान से मार देने का उल्लेख किया गया है। धमकी भरे पत्र में यह भी उल्लेख है कि यदि उसके द्वारा पैसा नहीं दिया गया तो 20 नवम्बर के बाद और 15 जनवरी के पहले कभी भी गंभीर घटना घट सकती है। स्पीड पोस्ट के नम्बर को ट्रेक करने पर ज्ञात हुआ कि 11 नवम्बर को मुख्य डाकघर अंबिकापुर में 1.32 बजे उक्त डाक को बुक किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

Categorized in: