अंबिकापुर। नमनाकला मिलनपारा निवासी होटल संचालक ने बोलेरो वाहन में आग लगाने की नामजद रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई है। घटना को 17 नवम्बर की रात करीब 1.50 बजे बरेजपारा, पर्राडांड निवासी एक युवक के द्वारा अंजाम देने की जानकारी पुलिस को दी गई है।
होटल संचालक सोबरन यादव पिता रामप्यारे 46 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि वह नया बस स्टैंड में होटल का संचालन करता है। 16 नवम्बर को रात करीब 8 बजे वह अपनी बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 04 के 9138 को प्रतिदिन की भांति घर के सामने सड़क के किनारे खड़ा करके सो रहा था। देर रात करीब 1.50 बजे घर के बाहर टायर फटने व कुछ जलने का बदबू आने लगा। इसी दौरान घर के सामने स्थित श्याम लॉज के मालिक जितेन्द्र वैष्णव के द्वारा हल्ला करने पर वह अपने घर से बाहर निकला, तो उसकी बोलेरो वाहन जल रही थी। आसपास के लोग व घर वाले मिलकर बोलेरो वाहन में लगी आग को बुझाए। वाहन में आग लगने का कारण जानने का प्रयास करने के दौरान उन्होंने जब श्याम लॉज में लगे सीसीटीव्ही का फुटेज देखा तो एक लड़का बोलेरो वाहन में आग लगाते नजर आया। होटल संचालक के पुत्र ने उक्त लड़के की पहचान मुकेश यादव के रूप में की है, जो बरेजपारा पर्राडांड का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना में बोलेरो वाहन बुरी तरह से जल गई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज किया है और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: