रामानुजगंज(विकाश कुमार केसरी)- कलेक्टर श्याम धावडे के सख्त निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार विवेक चंद्रा के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के द्वारा आधी रात पांगन नदी से हो रहे अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्यवाही करते हुए दो पोकलेन मशीन एवं 5  ट्रैक्टर को जप्त किया। प्रशासन की इस कार्यवाही से रेत माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।

                                              प्राप्त जानकारी के अनुसार पांगन नदी में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के बाद भी रेत उत्खनन की जाने एवं लीज एरिया से हटकर रेत उत्खनन किए जाने की लगातार शिकायत एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा अवैध रेत उत्खनन को बंद किए जाने की लगातार मांग की जा रही थी इस बीच कलेक्टर श्याम धावडे के सख्त निर्देश के बाद डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार विवेक चंद्रा, नायब तहसीलदार शालिग्राम गुप्ता थाना प्रभारी सनावल अमित बघेल सहित पुलिस बल रात्रि 12 बजे के करीब त्रिशूल पांगन नदी में पहुंचे जहां नदी से रेत उत्खनन कर रहे दो पोकलेन मशीन को जप्त किया वहीं 5 ट्रैक्टर रेत ले जाते भी जप्त किया जिन्हें सनावल थाने सुपुर्द किया गया। प्रशासन की इस कार्यवाही से रेत माफिया में हड़कंप मचा हुआ है।

 

रास्ता रोकने की हुई कोशिश- रेत माफियाओं को जब प्रशासन के मौके पर आने की सूचना मिली तो सभी इधर-उधर भागने लगे वही प्रशासन का रास्ता रोकने के उद्देश्य बीच रास्ते में ही ट्रैक्टर लगा दिया गया था। जिससे मौके पर जाने में काफी असुविधा हुई।

3 किलोमीटर पैदल चल पहुंचे मौके पर- राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम करीब 3 किलोमीटर पैदल चल मौके तक पहुंची रेत परिवहन के कारण रास्ता इतना खराब हो गया था कि कीचड़ के कारण मोटरसाइकिल भी  जाना संभव नहीं था। पहले पुलिस विभाग की टीम एवं राजस्व विभाग की टीम मोटरसाइकिल से कुछ दूर तक गई उसके बाद 3 किलोमीटर पैदल चलकर मौके तक पहुंची।

मोबाइल की रोशनी में की जब्तीनामा की कार्यवाही- राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम के द्वारा रात के अंधेरे में मोबाइल के रोशनी में जब्तीनामा एवं अन्य कार्यवाही को अंजाम दिया गया। 

पहले प्रशासन के आने से पहले गायब हो जाते थे ट्रैक्टर एवं पोकलेन मशीन- रेत माफियाओं का नेटवर्क इतना तगड़ा है कि इसे इस बात से समझा जा सकता है कि जब भी इससे पहले प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर पहुंचा तो अधिकारी के आने से पहले उन्हें इसकी जानकारी मिल जाती थी एवं मौके से पोकलेन एवं ट्रैक्टर ट्रक सभी गायब हो जाते थे। इससे कार्यवाही नहीं हो पाती थी।

10 बजे रात से 5 बजे सुबह तक चली कार्यवाही- डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार विवेक चंद्रा के नेतृत्व में हुआ यह कार्यवाही रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक चलता रहा पोकलेन मशीन एवं ट्रैक्टर को सनावल थाने परिसर में भेजा गया तब जाकर प्रशासन ने भी चैन की सांस ली।

इस संबंध में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी तहसीलदार विवेक चंद्रा ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर हम लोग पांगन नदी पहुंचे थे जहां रेत उत्खनन करते  दो पोकलेन मशीन एवं पांच  ट्रैक्टर को पकड़ा जिन्हें जप्त कर सनावल थाने के सुपुर्द कर दिया गया।

इस संबंध में सनावल थाना प्रभारी अमित बघेल ने बताया कि 14 अगस्त की रात को हमारी पुलिस टीम गस्त में थी इसी दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश प्राप्त हुए जिसके बाद हम लोग राजस्व विभाग की टीम के साथ कार्यवाही में साथ रहे।

Categorized in: