अंबिकापुर। बिरयानी खाने की बात से नाराज होकर की गई हत्या के मामले में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अकेले बिरयानी खा लेने की बात को लेकर आवेश में आकर आरोपी ने घटना को अंजाम दिया था।
जानकारी के मुताबिक हत्या के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने मर्ग जांच दौरान घटनास्थल का निरीक्षण करके मृतक के स्वजनों एवं गवाहों का कथन लिया, जिसमें सामने आया कि 10 अगस्त की रात्रि को मृतक जगदेव सारथी पिता केवट सारथी 36 वर्ष, निवासी जुजगु थाना बगीचा जिला जशपुर के साथ उसके दोस्त संजय उर्फ अमरेश एक्का ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें वह बेहोश हो गया था। गंभीर चोट आने के कारण उसे ईलाज हेतु जिला अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, इसके बाद डी.के.एस. अस्पताल रायपुर में इलाज के दौरान 16 अगस्त को उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने मृत्यु के कारण में हत्यात्मक प्रवृत्ति का होना उल्लेख किया था। मर्ग जांच के बाद आरोपी संजय उर्फ अमरेश एक्का के विरुद्ध धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने पल्लेदारी का काम करने वाले आरोपी संजय उ$र्फ अमरेश एक्का पिता जोहान एक्का 35 वर्ष निवासी नया बांध बिरिमकेला बतौली, वर्तमान ठिकाना श्रीगढ़, अंबिका गैरेज के पीछे अंबिकापुर को गिरफ्तार किया तो वह बताया कि काम करने के दौरान जगदेव सारथी से उसका जान-पहचान हुआ था। दोनों काम खत्म करने के बाद एक साथ खाना खाते थे। घटना दिनांक को वे बिरयानी लेकर आए थे। इस बीच संजय एक्का शराब लेने के लिए चला गया, वापस आया तो साथी पल्लेदार जगदेव सारथी अकेले सारा बिरयानी खा गया था। इससे नाराज होकर वह जगदेव पर प्राणघातक हमला किया, जिसमें वह बेहोश हो गया था, बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, आरक्षक नितिन कुमार सिन्हा, रमन मण्डल, विवेक राय, शिव राजवाड़े शामिल रहे।

Categorized in: