उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर जनपद मुख्यालय अंतर्गत ग्राम पंचायत सितकालो के खामखुट इलाके में रविवार को झेलगी में एक गर्भवती महिला को ढोकर घने जंगलों, पहाड़ों में संघर्ष करने का आदिवासी पहाड़ी कोरवाओं का वीडियो वायरल हुआ है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम सितकालो के बटपरगा के खामखूंट इलाके में शनिवार को गर्भवती महिला सुंदरी कोरवा को प्रसव पीड़ा होने पर मितानिन नैहारो ने एंबुलेंस को फोन करके बुलाया। सड़क नहीं होने के कारण एम्बुलेंस गांव से 8 किलोमीटर पहले आकर रुकी थी। स्वजन झेलगी का कांवर बनाकर गर्भवती महिला को कांवर में बिठाए जंगलों और पहाड़ों का रास्ता नाप रहे थे। एंबुलेंस तक पहुंचाने के बाद महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदमा ले जाया गया, इस बीच प्रसूता की स्थिति काफी नाजुक हो गई थी, बाद में उसे सीएससी उदयपुर में भर्ती कराया गया है। कुछ महीने पहले पटकुरा के एक इलाके का वीडियो इसी प्रकार वायरल हुआ था जहां कलेक्टर भोस्कर विलास पहुंचे थे। इसके बाद भी अभी तक स्थिति पूर्ववत है। अब देखना यह होगा कि खामखूंट में सड़क बनेगा या फिर लोगों को सिस्टम को कोसना पड़ेगा। सीईओ वेदप्रकाश का कहना है कि फॉरेस्ट की जमीन होने के कारण सड़क, आवास और अन्य सरकारी कामकाज में दिक्कत हो रही है। सड़क के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।

Categorized in: