रामानुजनगर। ग्राम माजा में दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित संजय सुरीला डे नाईट शो के जगराता कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी ने किया। संजय सुरीला के जगराता कार्यक्रम को देखने उमड़े विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक भूलन सिंह ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने ने बताया कि कैसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अयोध्या में वर्षों से लटके मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के मंदिर निर्माण का न सिर्फ मार्ग प्रशस्त किया बल्कि ट्रस्ट के माध्यम से कम समय में मंदिर निर्माण को पूरा कराया।अब छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार ने हर माह मुफ्त ट्रेन से श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन करा रही है। विधायक ने इस दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए लोगों से अपील की कि कौशल विकास के माध्यम से युवा अब स्वयं से उद्यमी बनकर अपना बेहतर जीवन यापन करते हुए देश प्रदेश के विकास में भी योगदान कर सकते हैं। इस दौरान वरिष्ठ नेता सुखल सिंह भाजपा महामंत्री सुमंत साहू मिडिया प्रभारी सौभाग्य दुबे खेल साय राजवाड़े भाजयुमो अध्यक्ष सुनील साहू जय चंद्र कमलेश साहू सुंदर लाल सिंह सुमित साहू मानिकचंद्र सहित विशाल जनसमूह उपस्थित थे।
