रास्ता तय करते वक्त हुए चोटिल, ग्रामीणों से सीधे बात कर ली जरूरतों की जानकारी फोटो-
लखनपुर। कलेक्टर विलास भोसकर मंगलवार को विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत पटकुरा के आश्रित ग्राम घटोन पहुंचे। कलेक्टर के साथ डीएफओ तेजस शेखर, एसडीएम बनसिंह नेताम, सहित प्रशासनिक अमला के साथ नदी पार किया और लगभग 5 किलोमीटर से अधिक घाट-पहाड़ चढ़कर ग्राम घटोन में ग्रामीणों के बीच पहुंचे। सड़क निर्माण की स्थिति का जायजा लेकर कलेक्टर ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पहुंच विहीन रास्तों से जाने के दौरान कलेक्टर को चोटें भी आई, स्वास्थ्य कर्मियों ने उनका उपचार किया।
सरगुजा कलेक्टर मंगलवार की दोपहर लगभग 1 बजे जिले के लखनपुर विकासखंड के पटकुरा पंचायत अंतर्गत पहुंचविहीन ग्राम की स्थिति का जायजा लेने के लिए पहुंचे। नदी की परवाह न करते हुए उन्होंने ऊबड़-खाबड़ रास्तों को अन्य अधिकारियों के साथ पैदल ही तय किया। यहां ग्रामीणों से मुलाकात करके उन्होंने उनकी जरूरतों को जाना। कलेक्टर को अपने बीच देखकर गांव के लोगों ने उनसे बेझिझक चर्चा की और गांव में पानी की समस्या के संबंध में बताया। कलेक्टर ने गांव में कुआं निर्माण के निर्देश देते हुए घरों में पेयजल पहुंचाने के लिए पाइप लाइन सुनिश्चित करने निर्देशित किया। उन्होंने बिजली हेतु सोलर हाई मास्ट लाइट प्रदान करने के अलावा सामुदायिक शौचालय बनाने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने झूला घर, आंगनबाड़ी भवन में टाइल्स लगवाने सहित अन्य मांगें रखी। इनकी बातों को सुनने के बाद कलेक्टर ने समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन उन्हें दिया है। इस दौरान जनपद सीईओ वेद प्रकाश पांडेय, तहसीलदार अंकिता पटेल, कार्यक्रम अधिकारी अभिषेक मिंज, एसडीओ दिलीप मिंज, खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप राय, बीएमओ ओपी प्रसाद, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर सहित अन्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
इन्हीं रास्तों से ग्रामीण कंधे में टांगकर ले गए थे शव
विगत दिनों घटोन निवासी इसपाल तिग्गा की मौत उपचार के दौरान मिशन अस्पताल अंबिकापुर में हो गई थी। शव वाहन से इसपाल के शव को ग्राम पटकुरा तक लाया गया, इसके बाद पटकुरा से शव को कंधे पर बांस के सहारे लेकर ऊबड-खाबड़ रास्ते से पैदल 5 किलोमीटर से अधिक सफर तय करके वे ग्राम घटोन पहुंचे और शव का अंतिम संस्कार किया था। ग्रामीणों को हो रही दिक्कत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मीडिया की सुर्खियों में यह तस्वीर सामने आने के बाद कलेक्टर ने इसे त्वरित संज्ञान में लिया और मंगलवार को गांव की वस्तुस्थिति जानने के लिए वे स्वयं नदी पार करके ऊबड़-खाबड़ रास्ते से पैदल घटोन ग्राम पहुंच गए।
गांव में मितानिन की नियुक्ति करने के निर्देश
घटोन गांव में 35 परिवार निवासरत हैं। कलेक्टर को ग्रामीणों ने बताया कि प्रसव हेतु महिलाओं को कुन्नी जाना पड़ता है। इस पर कलेक्टर विलास भोसकर ने गांव में मितानिन की नियुक्ति हेतु निर्देशित किया। इस दौरान कलेक्टर ने प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति देखने के बाद यहां फ्लोर टाइल्स लगाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने ग्राम में ही बच्चों के टीकाकरण हेतु निर्देशित किया।

Categorized in: