भला हो साइकिल सवार वृद्ध का, जिसके कारण बच गई बच्चे की जान
निगम आवारा कुत्तों से मुक्ति के लिए नहीं बना पाया कोई ठोस कार्ययोजना
अंबिकापुर। शहर में आवारा कुत्तों का आंतक लंबे समय से होने के बाद भी नगर निगम के पास ऐसी कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है, जिससे लोगों को राहत मिल सके। निगम ने बधियाकरण की योजना बनाई जरूर, लेकिन वह कागजों में सिमटकर रह गई। शहर का कोई भी ऐसा मार्ग, चौक अछूता नहीं है, जहां आवारा कुत्तों का जमघट देखने को नहीं मिलेगा। ये कुत्ते कब किस पर हमला कर देंगे, कहना मुश्किल है।
48 घंटे नहीं हुए हैं, आवारा कुत्ते ने शहर के पोस्ट ऑफिस रोड में बिही बाड़ी के पास 6 साल के मासूम को बुरी तरह से जगह-जगह काटकर जख्मी कर दिया। मासूम बच्चा दुर्गा पंडाल में भंडारा लेने के लिए जाने निकला था। गनीमत ही कहें, साइकिल से आ रहे बुजुर्ग की नजर कुत्ते के हमले से जमीन में गिरे चीखते-पुकारते बच्चे पर पड़ी, जो कुत्ते के चंगुल से मुक्त होने के लिए संघर्ष कर रहा था। बुजुर्ग शोर मचाते हुए साइकिल सहित बच्चे की ओर लपका, जिसे देख कुत्ता बच्चे को छोड़ दिया, नहीं तो बच्चे की स्थिति गंभीर हो सकती थी। कुत्ते ने बच्चे के हाथ, पैर, पीठ में जख्म पहुंचाया है। इसकी जानकारी स्वजनों को मिली और वे सकते में आ गए। यह घटना एक सीसीटीव्ही में कैद हुई है, जिसमें घर के सामने से निकले बच्चे पर सड़क की ओर से आ रहे कुत्ते के द्वारा अचानक हमले का परिदृश्य देखने को मिल रहा है। बच्चे की स्थिति को देखने के बाद किसी का भी दिल दहल जाएगा। इंटरनेट मीडिया में प्रचारित इस खौफनाक मंजर को देखने के बाद लोगों के बीच आवारा कुत्तों के प्रति निगम के पास किसी कार्ययोजना के अभाव की चर्चा होने लगी है। रोजाना शहर में कई बच्चे स्कूलों से या किसी काम से आना-जाना करते नजर आते हैं। वहीं शहर के कई चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों में आवारा कुत्तों का लगा जमघट आए दिन किसी दोपहिया सवार को तो कभी राहगीर को दौड़ाते नजर आता है, जिससे कब दुर्घटनाजन्य परिस्थिति बन जाएगी और कुत्ते से बचने के चक्कर में अन्य राहगीर चपेट में आ जाएंगे, कह पाना मुश्किल रहता है। निगम को इस दिशा में ध्यान देने और आवारा कुत्तों से मुक्ति के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की जरूरत है। कुत्ता पालकों को भी आगाह कराना होगा कि वे अपने कुत्तों को घरों में सुरक्षित बांधकर या ऐसे स्थल पर रखें, जिससे वे आम लोगों के लिए खतरा न बन सकें।

Categorized in: