फरार आरोपी को घेराबंदी करके पकड़ी पुलिस, आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया

गिरिजा ठाकुर

 अंबिकापुर। हत्या के मामले में दरिमा थाना पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आपसी वाद-विवाद होने पर आवेश में आकर पत्नी की हाथ मुक्का एवं डंडा से पिटाई की थी, जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थी और उसकी मौत हो गई थी। आरोपी पूर्व में अपने भाई एवं पहली पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।

दरिमा थाना क्षेत्र के पुटा पनिकापारा की शिवकुमारी मझवार 20 अगस्त को थाना दरिमा आकर पुलिस को बताई थी कि उसकी लड़की सुनीता माझवार को गांव का आनंद मझवार अपने पसंद से पत्नी बनाकर रखा था। 19 अगस्त को उसकी लड़की सुनीता और दामाद आनंद माझवार बस्ती तरफ जाकर शराब पिए। देर शाम दामाद अपनी पत्नी सुनीता को लड़ाई झगड़ा और मारपीट करते हुए घर ले गया। रात हो जाने के कारण वह अपनी लड़की को देखने उसके ससुराल घर नहीं गई थी। अगले दिन 20 अगस्त को वह अपनी लड़की सुनीता को देखने उसके ससुराल जा रही थी तो दामाद उसे आते देखकर घर से भाग गया। लड़की के ससुराल घर में जब वह अंदर गई तो उसकी लड़की मृत हालत में पड़ी थी, शरीर में कई जगह चोट के निशान थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 194 बीएनएस कायम कर जांच में लिया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा कर मृतिका के स्वजनों का बयान दर्ज किया और आरोपी आनंद मझवार 40 वर्ष निवासी पुटा को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। घटना के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि घटना दिनांक को उसकी पत्नी बस्ती तरफ गई थी, जिसे घर आने के लिए कहा और लड़ाई झगड़ा होने पर मारपीट करते हुए उसे घर लाया था। बाद में पुन: जल्दी घर आने की बात को लेकर उनमें वाद-विवाद हुआ और वह हाथ मुक्का एवं डंडा से मारपीट कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा जप्त किया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी पूर्व में भाई एवं पहली पत्नी की हत्या के मामले में सजा काटने के पश्चात पुन: हत्या के मामले में जेल गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक मनोज प्रजापति, सहायक उप निरीक्षक दिलसाय, आरक्षक संजय केरकेट्टा, जगेश्वर बघेल, शरद राजवाड़े, दुर्गेश राजवाड़े, राज जायसवाल शामिल रहे।  

Categorized in: