अंबिकापुर। शहर के महिला थाना में दहेज प्रताड़ना के आरोप पर तहसीलदार पति व सास-ससुर के विरूद्ध पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। विवाहिता का आरोप है कि विवाह के समय दहेज में पांच रुपये नगद देने के बाद भी 20 लाख रुपये और मायके में स्थित उसके पिता के मकान को पति के द्वारा खुद के नाम कराने के लिए लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

चांदनी चौक मायापुर निवासी शालिनी गुप्ता पिता संतोष कुमार गुप्ता 26 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि उसका विवाह 11 जून 2023 को तहसीलदार राहुल कुमार केशरी 32 वर्ष से हुआ है। उसके ससुर दीपक कुमार केशरी 57 वर्ष व सास चांद केशरी 55 वर्ष दोनों शासकीय सेवा में शिक्षा विभाग में पदस्थ हैं। विवाहिता का कहना है कि विवाह के समय की गई मांग के अनुरूप चार पहिया वाहन खरीदने के लिए दहेज में पांच लाख रुपये नगद 08 जून 2023 को उनके पिता बद्री प्रसाद गुप्ता ने राहुल केशरी व उनके पिता दीपक कुमार केशरी को राजपुर स्थित निवास में दिया था। विवाह के दो दिन बाद ही पति राहुल केशरी के द्वारा उसके माता-पिता के चांदनी चौक अंबिकापुर में स्थित मकान का खसरा नंबर पूछा गया। इसके बाद स्वयं के ऊंचे पद पर होने की बात कहते हुए राहुल केशरी ने 20 लाख रुपये नगद व पत्नी शालिनी के माता-पिता के मकान को उसके नाम पर करा देने के लिए कहा गया। आरोप है कि इसी मांग को लेकर पति व सास-ससुर प्रताड़ित करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इसका उद्देश्य दहेज में और धन राशि तथा मायके के मकान को हासिल करना था। वह प्रताड़ना की जानकारी अपने माता-पिता को दी और 24 जुलाई 2023 को स्वजन के साथ मायके आ गई। आरोप है इनके द्वारा मायके पक्ष के लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने, जान से मारने व जिन्दा जलाने सहित अन्य प्रकार से क्षति पहुंचाने की धमकी दी जा रही थी। रिपोर्ट पर महिला थाना पुलिस ने तीनों के विरूद्ध धारा 498-ए, 506 का केस दर्ज कर जांच में लिया है।

Categorized in: