कलेक्टर के जनदर्शन में लखनपुर से पहुंचे किसानों ने बताई गार्ड की करतूत

अंबिकापुर। लखनपुर में स्थित जिला सहकारी बैंक में पदस्थ सुरक्षाकर्मी के द्वारा अपने खाते से रकम निकलवाने के लिए बैंक आने वाले किसानों से जल्दी पैसा निकलवा देने का झांसा देकर जबरन वसूली की जा रही थी। किसानों ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष अंबिकापुर पहुंच कर यहां होने वाले जनदर्शन कार्यक्रम में इसकी शिकायत कलेक्टर से की है। इनके द्वारा अवैध वसूली करने वाले सुरक्षाकर्मी को वहां से हटाने की मांग की गई है।

मंगलवार, 25 जून को जनदर्शन में कई आवेदक अपनी समस्याओं, मांगों को लेकर पहुंचे थे। इनमें लखनपुर स्थित जिला सहकारी बैंक की शाखा में पदस्थ सुरक्षाकर्मी के द्वारा किए जा रहे अवैध उगाही के शिकायतकर्ता भी शामिल थे। लखनपुर क्षेत्र से पहुंचे किसानों ने लिखित शिकायत में बताया है कि जिला सहकारी बैंक शाखा लखनपुर में पदस्थ सुरक्षाकर्मी, बेलखरिखा निवासी हिदायतुल्लाह उर्फ मगधा के द्वारा बैंक में पैसा निकलवाने के लिए आने वाले किसानों सेे जल्दी पैसा निकलवाने की बात कहकर 49 हजार रुपये में से 2-3 हजार रुपये तक की वसूली जबरन कर ली जाती है। शिकायतकर्ता के अनुसार जैसे ही किसान बैंक में आते हैं वह उन्हें जल्दी पैसा निकलवाने का झांसा देने लगता है, जिससे मामला जम जाता है उससे वह पैसा लेने के लिए बाद में आए किसानों के पासबुक को नजरअंदाज करके भुगतान काउंटर में ऊपर में रख देता है और जो किसान उसे पैसा देने से इंकार कर देता है, उसका पासबुक पर्ची को वह बार-बार नीचे ऊपर करते रहता है, जिससे सुबह से आए किसान को शाम होने पर भी पैसा नहीं मिल पाता है। किसानों का कहना है कि गार्ड द्वारा प्रतिदिन 10 से 20 हजार से ज्यादा की वसूली कर ली जाती है  गार्ड की इस प्रकार की हरकत को देखते हुए लूट में शाखा प्रबंधक का शह होने जैसा आरोप भी लगने लगा है। उक्त सुरक्षाकर्मी के द्वारा पहले भी इसी प्रकार से किसानों से अवैध उगाही की जाती थी, इसकी शिकायत 29.09.2021 को जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंबिकापुर को संरपंचों एवं जनपद सदस्यों के द्वारा लिखित में की गई थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए जिला सहकारी बैंक के सी.ई.ओ. के द्वारा गार्ड को दिन में ड्युटी करने से रोक दिया गया था, इसकी रात में ड्यूटी लगा दी थी। शाखा प्रबंधक द्वारा 05.12.2023 को पुन: उसकी दिन में ड्यूटी लगा दी गई, इसके बाद वह 2 वर्ष तक रात में की गई ड्यूटी की वसूली पुन: किसानों से करने में रम गया है। किसानों का यह भी आरोप है कि बैक शाखा में हालत ऐसे हैं कि वहां सुरक्षाकर्मी की ही चलती है, इसलिए किसानों ने उक्त गार्ड को बैंक शाखा से हटाकर अन्यत्र बहाल करने की मांग की है।

सेवानिवृत्ति के पांच वर्ष बाद भी जीपीएफ राशि के इंतजार में प्रधानपाठक
सेवानिवृत्त प्रधानपाठक को पांच वर्ष बाद भी जीपीएफ की राशि नहीं मिल पाई है, जिससे वृद्धावस्था में उन्हें कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनतराई, देवगढ़ निवासी सुखूराम पैकरा ने कलेक्टर के जनदर्शन कार्यक्रम में आवेदन प्रस्तुत करके बताया है कि सरगुजा के मैनपाट विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला सुपलगा में प्रधानपाठक के पद पर वर्ष 1982 से पदस्थ रहने के बाद वे 30 जून 2019 को सेवानिवृत हुए। विभागीय लापरवाही ही कही जाए कि सेवानिवृत्ति के पांच वर्ष बाद भी उन्हें जीपीएफ की राशि नहीं मिल पाई है। ऐसे में वृद्धावस्था में उन्हें दर-दर की ठोकर खाने विवश होना पड़ रहा है। प्रधानपाठक ने जीपीएफ की राशि प्रदाय करने शिक्षा विभाग के संभागीय संयुक्त संचालक, कोष, लेखा एवं पेंशन सरगुजा को आदेशित करने का आग्रह किया है।

एसईसीएल में नौकरी लगवाने के नाम पर ऐंठे 1.50 लाख
एसईसीएल में नौकरी लगवाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की ठगी की शिकायत कलेक्टर से जनदर्शन में खैरबार अंबिकापुर के धरमसाय ने की है। आवेदक ने तत्संबंध में दिए गए आवेदन में बताया है कि उसके पुत्र दीपक का गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम चठिरमा निवासी कुबेर तिवारी व दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर निवासी पिंटू पांडेय से जान-पहचान हुआ था। दोनों युवकों ने दीपक सहित अन्य लोगों को एसईसीएल में नौकरी लगवा देने का झांसा देकर रुपये लिए थे। पिंटू पांडेय ने दीपक से 16 सितंबर 2023 को 29 हजार रुपये, 18 सितंबर 2023 को 11 हजार रुपये, 22 सितंबर 2023 को 10 हजार रुपये मोबाइल से भेजा था। इसके अलावा 23 सितंबर 2023 को एक लाख रुपये नगद शहर के देव होटल के पास दिया था। नौकरी नहीं लगने पर जब दीपक ने रुपये वापस देने कहा तो रुपये अधिकारी को देने की बात कहते हुए टालमटोल करने लगे। पीड़ित पिता ने नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले युवकों के विरूद्ध कार्रवाई व रुपये वापस दिलाने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह सरगुजा कलेक्टर व पुलिस प्रशासन से किया है।  

छात्रा को छात्रावास से निकाला, मां पहुंची कलेक्टर के पास
प्रशासन की ओर से जहां एक ओर शत-प्रतिशत विद्यार्थियों के स्कूल प्रवेश पर जोर दिया जा रहा है, वहीं कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास सरगवां में रहकर कक्षा 10वीं उत्तीर्ण की छात्रा को छात्रावास से निकाल देने का मामला प्रकाश में आया है। छात्रावास अधीक्षिका के द्वारा छात्रा जहान्वी जायसवाल 15 वर्ष को छात्रावास से निकालने की शिकायत लेकर जनदर्शन में पहुंची छात्रा की मां ज्योति जायसवाल ने कलेक्टर से छात्रावास में दाखिला की गुहार लगाई है और इसके लिए जिम्मेदारों को आदेशित करने का आग्रह किया है।

Categorized in: