05 लाख का जेवरात कोतमा मध्य प्रदेश से बरामद करने में सफल हुई पुलिस

कार से पहुंचे चोरों ने दो सूने घरों को बनाया था निशाना, आरोपियों तक पहुंचने पुलिस को करनी पड़ी काफी मशक्कत  

अंबिकापुर। नवापारा स्थित दो सूने मकानों से चोरी के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने दो शातिर अंतर्राज्यीय आरोपियों को कोतमा मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पतासाजी के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाला था, इसके बाद कार सवार चोरों तक पहुंची थी। घटना के प्रयुक्त वाहन से आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिली। इनके कब्जे से चोरी किए गए पांच लाख रुपये का सोना-चांदी का गहना और 4000 रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त कार सहित अन्य सामान पुलिस ने बरामद किया है, जिसे आरोपी ने कोतमा मध्य प्रदेश में स्थित स्वयं की भूमि में जमीन में गाड़कर रखा था।


गांधीनगर थाने में घटना का पर्दाफास करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक रोहित शाह ने पत्रकारों को बताया कि नवापारा निवासी कपिल देव प्रजापति ने 24 अप्रैल को गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वे बीते 19 अप्रैल को वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने गृहग्राम चमनपुर गए थे। 24 अप्रैल को वापस धर लौटे तो उनके घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। घर के अंदर जाने पर बक्से का ताला टूटा था और इसमें रखा सोने का झुमका 01 जोड़ी, चैन 01 नग, अंगूठी 02 नग, मंगलसूत्र 02 नग, टीका 01 नग, लटकन 02 नग, रिंग 02 नग, पोला कंगन 02 नग, मंगलसूत्र 01 नग, नाक पिन व चांदी का पायल 02 जोड़ी, पाजेब 01 जोड़ी, बिछिया 01 जोड़ी, बिछिया सिंगन 01 जोड़ी चोर ले गए थे, जिसकी कीमत दो लाख रुपये बताई गई थी। कपिल देव प्रजापति के घर के बगल में रहने वाले पड़ोसी सुनील मिश्रा भी अपने परिवार सहित रीवा मध्य प्रदेश गए थे। संदेह पर जब उन्होंने पड़ोसी के घर को देखा, तो उनके घर का भी ताला टूटा था। पड़ोसी सुनील मिश्रा के रिश्तेदार राजीव द्विवेदी व आस-पड़ोस के लोगों के साथ घर के अंदर जाकर देखने पर अलमारी व पेटी खुला था, 02 नग मंगलसूत्र, 01 लॉकेट, 01 सेट झुमका, 02 जोड़ी पायल एवं 45 हजार रुपये नगद चोर ले गए थे। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में पुलिस ने धारा 457, 380, 34 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। विवेचना दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के करीब 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया, तो घटनास्थल की ओर दो अज्ञात व्यक्ति मारूति जेन कार क्रमांक सीजी 16 बी 1160 से आते-जाते दिखाई दिए। घटना में प्रयुक्त वाहन के संबंध में जानकारी एकत्रित कर वाहन मो. शाहिद निवासी वार्ड नंबर 14 शारदा मंदिर मनेन्द्रगढ़ कोरिया का होना सामने आया। पूछताछ में कार स्वामी ने अपनी गाड़ी को 22 अप्रैल को जीजा मो. साकिर के दोस्त राजा उर्फ शैफ अली को कोतमा जाने के लिए देना बताया। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक अश्वनी दीवान, सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडेय, सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक विवेक पांडेय, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, संजीव चैबे, राहुल सिंह, अतुल सिंह, बृजेश राय, ऋषभ सिंह शामिल रहे।

पूर्व मे ंगिरफ्तार आरोपी के पास नहीं मिले जेवरात
वाहन स्वामी से प्राप्त जानकारी एवं तकनीकि सहायता से पुलिस ने मो. साकिर और राजा उर्फ शैफ की तलाश शुरू की। पुलिस संदेही मो. साकिर 38 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 01 सेंट जोंसन विद्यालय थाना कोतमा मध्य प्रदेश तक पहुंची, पूछताछ में उसने अपने साथी राजा उर्फ शैफ के साथ मिलकर 22-23 अप्रैल की दरम्यानी रात नवापारा अंबिकापुर में कार से आकर दो सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया, लेकिन इसके पास से जेवरातों की बरामदगी नहीं हो पाई। नगदी के नाम पर दो हजार रुपये मात्र मिले थे। आरोपी ने साथी के पास जेवरात के होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने आरोपी मो. साकिर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार मारूति जेन  क्रमांक सीजी 16 बी 1160, ताला तोड़ने में प्रयुक्त हथियार, घटना के दौरान रखे मोबाइल फोन एवं 02 हजार रुपये नगद जप्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में 27 अप्रैल को भेजा गया था।

जमीन की खोदाई में मिली जेवरातों की पोटली
पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी मो. साकिर ने चोरी के गहने अपने साथी मो. शैफ के पास होने की जानकारी पूछताछ में दी थी। आरोपी मो. शैफ 28 वर्ष को पुलिस टीम ने कोतमा में दबिश देकर गिरफ्तार किया, जो फिल्टर टोला थाना कोतमा मध्य प्रदेश का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने मो. साकिर के साथ मिलकर घटना में शामिल होना स्वीकार किया, लेकिन शुरू में इसका रवैया भी असहयोगात्मक रहा। बार-बार की गई पूछताछ में आरोपी ने चोरी के गहनों को कोतमा मध्य प्रदेश में स्वयं के खाली जमीन में गाड़कर रखना बताया। पुलिस टीम ने आरोपी के निशानदेही पर चोरी किए गए सोना-चांदी के शत-प्रतिशत गहने के अलावा दो हजार रुपये नगद बरामद किया है। चोरी की शेष नगद रकम को आरोपियों ने खर्च कर दिया था। पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

Categorized in: