बिश्रामपुर। मिलावट खोरी करके ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर रहे दो गार्डों को पुलिस ने गिरफ्तार करके न्यायालय पेश कर दिया है। हालांकि मामले में कार्यवाही पर सवाल खड़े करके बड़े गुर्गों को बचाए जाने का आरोप लोगों द्वारा लगाई जा रही है। बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि अंग्रेजी शराब दुकान शिवनंदनपुर के दो सुरक्षा कर्मी क्रमशः करंजी चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुदामानगर निवासी 32 वर्षीय देवकरण पिता लालजी सिंह व ग्राम पंचायत केशवनगर 25 वर्षीय विवेक उर्फ विशाल पिता बृजकुमार रवि द्वारा बुधवार की रात अंग्रेजी शराब दुकान के पीछे स्थित गार्ड रूम के पास ब्रांडेड कंपनी की अंग्रेजी शराब में मिलावट खोरी की जा रही थी। तभी मुखबिर की सूचना पर बिश्रामपुर टीआई अलरिक लकड़ा ने दलबल के साथ मौके पर दबिश देकर अंग्रेजी शराब में मिलावट खोरी करके दोनों सुरक्षा कर्मियों को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा स्प्रीट व पानी को अंग्रेजी शराब में मिलाकर मिलावट खोरी करके मात्रा बढ़ाई जा रही थी। पुलिस ने यहां पर आरोपियों के कब्जे से एक चाय छन्नी, एक कुप्पी, दस लीटर पानी की टंकी में पानी व दस लीटर पानी टंकी में अंग्रेजी शराब, मेकड़ावल नंबर वन के 750 एमएल की चार पुरानी बोतल में अंग्रेजी शराब भरा हुआ, नौ नग पुराना खाली बोतल, बीस नग रॉयल चैलेंज कंपनी की 180 एमएल की खाली बोतल, 50 नग रॉयल चैलेंज कंपनी की नई ढक्कन, 40 नग मेकडावल कंपनी की नई ढक्कन बरामद की गई है। पुलिस द्वारा मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34 (2), 38 (क), 49 (क), 59 (क) के तहत कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय पेश कर दिया है। दोनों आरोपियों द्वारा उक्त मिलावट खोरी की अंग्रेजी शराब को ग्रामीण इलाकों में खपाए जाने की बात स्वीकारी गई है। 
दोपहर में खुली शराब दुकान
पुलिस द्वारा दो गार्डों को अंग्रेजी शराब में मिलावट खोरी करते पकड़े जाने उपरांत गुरुवार को यहां शराब दुकान दोपहर में आबकारी विभाग के कर्मचारियों की उपस्थिति में खोली गई। यहां पर लंबे समय से अंग्रेजी शराब में मिलावट खोरी करके शराब बिक्री का सिलसिला चलने का आरोप लोग लगा रहे हैं। लोगों का आरोप यह भी है कि आखिर इतनी अधिक मात्रा में अंग्रेजी शराब गार्डों को किसकी सह पर मिली यह जांच का विषय है। अंग्रेजी शराब के मिलावट खोरी में बड़े गुर्गों को बचाए जाने की बात लोग कह रहे हैं। इस तरह का कार्य केवल दो सुरक्षा कर्मी नहीं वरन एक गैंग द्वारा इस तरह की घटना को अंजाम दिए जाने की बात लोग कह रहे हैं। हालांकि यह जांच का विषय है। 

Categorized in: