16 लाख का राशन घोटाला में गिरफ्तारी न होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
रायपुर । प्रदेश कांग्रेस ने कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा में राशन दुकान चलाने वाले भाजपा नेताओं पर 16 लाख रुपए के राशन घोटाले का आरोप लगाया है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सहसपुर लोहारा नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष उषा श्रीवास राशन दुकान चलाने वाले समिति की अध्यक्ष तथा मनहरण श्रीवास राशन दुकान के सेल्समैन है। भाजपा नेताओं ने 300 से अधिक राशन हितग्राहियों से अंगूठा लगवाकर उन्हें अप्रैल और मई का राशन नहीं दिया। कांग्रेस ने राशन घोटाले को भाजपा की फितरत बताया है तथा घोटालेबाजों की गिरफ्तारी न होने पर सवाल उठाए हैं।

धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा है कि राशन घोटाला प्रकाश में आने के बाद खाद्य विभाग ने थाना सहसपुर लोहारा में इस मामले में एफ.आई.आर लिखवाई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई। इससे अक्रोशित राशन हितग्राहियों की भीड़ 19 मई को थाना में घुस गई तथा थाना घेर लिया। इसे देखकर थाना में मजबूरी में राशन दुकान के सेल्समैन मनहरण श्रीवास और समूह के सचिव के खिलाफ एफ.आई.आर दर्ज की गईं।

 

प्रदेश कांग्रेस ने सहसपुर लोहारा में राशन घोटाले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की है। धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा है कि राशन सामग्री में प्रधानमंत्री गरीब अन्न कल्याण योजना का भी राशन शामिल है इस मामले में कबीरधाम जिले के मुखिया कलेक्टर जनमेजय महोबे की चुप्पी बहुत कुछ बयान करती है। आखिर कलेक्टर ने राशन घोटाले में गिरफ्तारी सुनिश्चित क्यों नहीं की? कलेक्टर को आखिर किसका डर है? घोटालेबाज भाजपा के नेता हैं इसलिए कलेक्टर उनकी गिरफ्तारी नहीं करा रहे हैं। इससे ये लगता है कि कलेक्टर अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं।

 

Categorized in: