0 शासकीय भूमि पर अवैध कब्जाधारियों ने किया निजी भूमि स्वामी से मारपीट 
0 दोनों पक्षों पर हुआ अपराध  दर्ज
सूरजपुर। नगर के वार्ड क्रमांक-2 में शासकीय एवं नाले मद की भूमि में अतिक्रमण कर स्टे के पश्चात  मकान बना लिए जाने और बगल के भूमि स्वामियों के साथ मारपीट कर फर्जी प्रकरण दर्ज कराने का मामला सामने आया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ  कार्रवाई  की है, किन्तु भूमि स्वामी के परिजनों के विरूद्ध पुलिस के द्वारा घर में घुसकर मारपीट किए जाने के  झूठे मामले पर अपराध दर्ज करने से मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-2 महगवां निवासी नारायण राजवाड़े  द्वारा रिंग रोड व नाले की भूमि के साथ गुल मोहम्मद के स्वामित्व की भूमि पर कब्जा कर लिया गया है। इस मामले में तहसीलदार व अनुविभागीय अधिकारी के यहां चले प्रकरणों में गुल मोहम्मद के पक्ष में राजस्व अमले ने फैसला भी दिया है। उक्त वाद भूमि में अवैध व बलपूर्वक कब्जा करने के साथ यातायात को बाधित करने के मामले में कलेक्टर के समक्ष वार्डवासियों ने जन चौपाल में आवेदन भी लगाया था। वार्ड के लोगों ने बताया कि उक्त व्यक्ति अपराधिक प्रवृति का है, जिसके विरूद्ध थाने में कई प्रकरण दर्ज है। वार्डवासियों की मानें तो कब्जाधारी को राजनीतिक संरक्षण भी प्राप्त है और आये दिन उनके परिजनों के द्वारा अगल-बगल के लोगों के साथ हुज्जतबाजी व मारपीट भी की जाती है। इस मामले में वार्डवासियों ने कठोर दण्डात्मक कार्रवाई करने के लिए कलेक्टर को कई बार ज्ञापन भी सौंपा है। जिस पर तहसीलदार ने गत माह को प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए अवगत कराया कि शासकीय व नाला मद की भूमि में नारायण राजवाड़े के द्वारा मकान निर्माण किया जा रहा था, जिसे बंद कराया गया है। इस पूरे मामले में कई बार नारायण राजवाड़े के खिलाफ थाने में भी प्रकरण दर्ज हो चुके हैं, उसके उपरांत भी आये दिन मारपीट की घटनाएं कारित करने के मामले को लेकर मोहल्लेवासियों ने रोष व्यक्त किया है और पुलिस के कार्रवाई पर भी सवालिया निशान लगाए हैं। नारायण राजवाड़े के उपर जनवरी माह में भी मारपीट का अपराध दर्ज हुआ था, किन्तु कोई कार्रवाई न होने से उसके हौसले बुलंद हैं। बहरहाल इस पूरे मामले में वार्ड के लोगों ने कलेक्टर को पुन: ज्ञापन सौंपकर उक्त शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराने की मांग की है। 
0 फर्जी रूप से दर्ज कराई गई है एफआईआर
वार्ड के लोगों ने बताया कि भूमि स्वामी के द्वारा अपने भूमि में किए जा रहे निर्माण का वीडियो बनाने के दौरान विवाद की स्थिति हुई है और दोनों पक्षों की ओर से घटना स्थल पर ही मारपीट हुई, किन्तु नारायण राजवाड़े के पुत्र ने घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए फर्जी कथनों के आधार पर अपराध दर्ज कराये जाने की शिकायत की है। वहीं इस मामले में आज वार्डवासी भी पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप पारदर्शी कार्रवाई की मांग करेंगे। 
0शासकीय भूमि पर पीएम आवास हुआ स्वीकृत 
उक्त मामले में दिलचस्प पहलू यह भी है कि नारायण राजवाड़े के द्वारा यहां शासकीय भूमि पर पीएम आवास स्वीकृत करा लिया गया है। जबकि वास्तविकता यह है कि भूमि के दस्तावेज कहीं और के हैं। वहीं उक्त शासकीय भूमि पर बने पीएम आवास में आबकारी अधिकारियों की सांठगांठ से लंबे समय तक शासकीय अंग्रेजी व देशी शराब की दुकान भी संचालित हो रही थी। जिसकी शिकायत व समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने आनन-फानन में वहां से शराब दुकान हटा ली थी।

Categorized in: