जशपुर की सिमरन को 10वीं में 99.50 प्रतिशत अंक के साथ पहला और आयुषी को 12वीं में 95.80 अंक के साथ तीसरा स्थान

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा गुरूवार को कक्षा 10वीं व 12वीं की मुख्य परीक्षा वर्ष 2024 का परिणाम घोषित करने के साथ अस्थायी प्रावीण्य सूची जारी किया है, इसमें सरगुजा संभाग से कुल 17 छात्र-छात्राओं का नाम शामिल है। जशपुर जिले से सर्वाधिक 12 छात्र-छात्राओं ने टॉप टेन में स्थान बनाया है, जिसमें 11 हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा व 01 हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट के विद्यार्थी हैं। सरगुजा जिले से इस बार एक भी छात्र-छात्रा को प्रावीण्य सूची में स्थान नहीं मिला।
कक्षा 10वीं बोर्ड की प्रावीण्य सूची में सरगुजा संभाग से 11 लोगों को स्थान मिला है, इनमें सर्वाधिक विद्यार्थी जशपुर जिला के हैं। स्वामी आत्मानन्द शासकीय उत्कर्ष इंग्लिश मीडियम स्कूल जशपुर की सिमरन शब्बा ने 99.50 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान, इसी स्कूल के श्रेयांस कुमार यादव ने 98.33 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान, अर्पिता शैली कुजूर ने 98.17 प्रतिशत अंक के साथ चौथा स्थान, दिमित्रा सिंह ने 97.83 प्रतिशत अंक के साथ छठवां स्थान, स्वामी आत्मानंद स्कूल पत्थलगांव की द्वय छात्राएं प्रीति समद्दुर व रसीना चैहान ने 97.83 प्रतिशत अंक के साथ छठवां स्थान, शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल जरहाडीह बलरामपुर की अंशिका गुप्ता, स्वामी आत्मानन्द स्कूल जशपुर की उमा बरेठ व स्वामी आत्मानन्द स्कूल पत्थलगांव की करीना सिंह तीनों ने 97.67 प्रतिशत अंक के साथ सातवां स्थान, स्वामी आत्मानन्द विद्यालय जशपुर की सलोनी सिंह ने 97.33 प्रतिशत अंक के साथ नवां स्थान, स्वामी आत्मानन्द इंग्लिश मीडियम स्कूल जशपुर की मोना यादव व प्रयास आवासीय विद्यालय जशपुर के आयुष साहू ने 97.17 प्रतिशत अंक के साथ 10वां स्थान टॉप टेन में हासिल किया। वहीं एमसीबी जिला के विजय इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल मनेन्द्रगढ़ की छात्रा शिप्रा तिवारी ने भी 97.17 प्रतिशत अंकों के साथ 10वां स्थान प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया।
कक्षा 12वीं बोर्ड की प्रावीण्य सूची में सरगुजा संभाग से चार छात्र-छात्राओं को टॉप टेन में स्थान मिला, इनमें स्वामी आत्मानन्द शासकीय उत्कर्ष इंग्लिश मीडियम स्कूल जशपुर की आयुषी गुप्ता ने 95.80 अंक के साथ तीसरा स्थान, बलरामपुर जिला से बरतीकला निवासी पीयूष कुमार कन्नौजिया ने 95.60 प्रतिशत अंक प्राप्त करके सातवां स्थान प्राप्त किया, वे शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बरतीकला के छात्र हैं। बरतीकला स्कूल के ही साहिल खान व सूरजपुर जिला के स्वामी आत्मानन्द पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल शिवनन्दनपुर के नीरज शर्मा द्वय ने 95.20 प्रतिशत अंक के साथ नवां स्थान प्राप्त किया है।
सरगुजा जिले में 10वीं का परीक्षा परिणाम 86.02 प्रतिशत
सरगुजा जिले में कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 86.02 प्रतिशत रहा, वहीं बलरामपुर जिले में 78.35 प्रतिशत, जशपुर जिले में 96.49 प्रतिशत, कोरिया जिले में 84.25 प्रतिशत, सूरजपुर जिले में 79.47 प्रतिशत व एमसीबी जिला में 74.99 प्रतिशत रहा है। कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम सरगुजा जिले में 84.83 प्रतिशत, बलरामपुर जिले में 81.51 प्रतिशत, जशपुर जिले में 96.10 प्रतिशत, कोरिया जिले में 87.27 प्रतिशत, सूरजपुर जिले में 79.66 प्रतिशत व एमसीबी जिला में 77.83 प्रतिशत रहा है।
10वीं बोर्ड में 9992 परीक्षार्थी पंजीकृत, 9778 ने दी परीक्षा, 895 फेल  
10 वीं बोर्ड परीक्षा में सरगुजा जिला से कुल 9992 परीक्षार्थी पंजीकृत थे इनमें से 9781 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें 4358 बालक तथा 5423 बालिकाएं थे। कुल 9778 परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। घोषित परीक्षा परिणाम में से उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की कुल संख्या 8412 है, इस प्रकार उत्तीर्ण परीक्षार्थियों का प्रतिशत 86.02 है। उत्तीर्ण बालिकाओं का प्रतिशत 88.24 तथा बालकों का प्रतिशत 83.26 है। परीक्षा परिणाम घोषित परीक्षार्थियों में प्रथम श्रेणी में उतीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 3810 है, द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 4198 तथा तृतीय श्रेणी में उतीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 404 है। पास श्रेणी में एक भी परीक्षार्थी उत्तीर्ण नहीं हुए हैं। 471 परीक्षार्थियों को पूरक की पात्रता है। 03 परीक्षार्थियों के परिणाम विभिन्न कारणों से रोके गए हैं, 895 परीक्षार्थी फेल घोषित किए गए, इनमें 488 लड़के व 407 लड़कियां हैं।
12वीं बोर्ड में 8585 परीक्षार्थी पंजीकृत, 8454 ने दी परीक्षा, 724 फेल
हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा के परिणाम पर गौर करें तो सरगुजा जिला से 2024 की मुख्य परीक्षा में सरगुजा जिला से कला, विज्ञान, वाणिज्य, कृषि, ललित कला, गृह विज्ञान संकाय के कुल 8585 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें से 8454 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें 3701 बालक तथा 4753 बालिकाएं थे। कुल 8454 परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। घोषित परीक्षा परिणाम में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की कुल संख्या 7172 है, इस प्रकार उत्तीर्ण परीक्षार्थियों का प्रतिशत 84.83 है। उत्तीर्ण बालिकाओं का प्रतिशत 87.67 तथा बालकों का प्रतिशत 81.19 है। परीक्षा परिणाम घोषित परीक्षार्थियों में प्रथम श्रेणी में उतीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 2706 है, द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 4026 तथा तृतीय श्रेणी में उतीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 441 है। पास श्रेणी में परीक्षार्थियों की संख्या निरंक है। 558 परीक्षार्थियों को पूरक की पात्रता है। 724 परीक्षार्थी फेल घोषित किए गए, इनमें 410 लड़के व 314 लड़कियां शामिल हैं।
पहरेदार के बेटे ने टॉप टेन में बनाया स्थान
फोटो  
12वीं बोर्ड परीक्षा के टॉप टेन की सूची में शामिल पीयूष कन्नौजिया पिता जितेन्द्र कुमार कन्नौजिया, माता पुष्पा कन्नौजिया ने सातवां स्थान प्राप्त किया है, उसके पिता पहरेदार हैं। कला संकाय लेकर पीयूष पढ़ाई कर रहे है और यूपीएससी की तैयारी करना चाहते हैं। इनके स्वजन की इच्छा थी कि पीयूष पढ़-लिखकर परिवार का नाम रोशन करे। कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम सामने आने के बाद उनकी यह इच्छा पूरी होती नजर आ रही है। टॉप टेन की सूची में पीयूष का नाम आने की खबर जैसे ही उसके दादा-दादी को मिली, उनकी आंखों से खुशी के आंसू निकल गए और वे पोते को गले से लगा रो पड़े।
प्रावीण्य सूची में सातवां स्थान प्राप्त अंशिका बनना चाहती है डॉक्टर
फोटो
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम जरहाडीह के साधारण किसान परिवार की बेटी अंशिका गुप्ता ने पूरे छत्तीसगढ़ में 97.67 प्रतिशत अंक लाकर प्रावीण्य सूची में सातवां स्थान प्राप्त किया है। अंशिका डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहती है। अंशिका के पिता सुजीत गुप्ता किसान एवं माता सरिता गुप्ता गृहणी हैं। अंशिका अपने तीन बहनों में दूसरे नंबर की है। अंशिका की आठवीं तक की पढ़ाई कंदाखाड़ मिशन स्कूल में हुई थी। नवमी से हायर सेकेंडरी स्कूल जरहाडीह में अध्ययन कर रही है। अंशिका ने बताया कि वह प्रतिदिन रात्रि एक बजे से सुबह चार बजे तक पढ़ाई करती थी, इसके बाद एक से दो घंटे सोती थी, फिर गणित का ट्यूशन पढ़ने चली जाती थी। घर से स्कूल की दूरी करीब एक किलोमीटर है, जहां वह प्रतिदिन साइकिल से जाती थी। अंशिका ने बताया कि उसे पूरी उम्मीद थी कि वह छत्तीसगढ़ के टॉप टेन में जगह बनाएगी। नियमित अध्ययन, माता-पिता का सहयोग व गुरुजनों का मार्गदर्शन से वह सफल हुई।
वर्ष 2023 में कुछ ऐसा रहा परीक्षा परिणाम
2023 में 10वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 9452 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, इनमें से 4162 बालक तथा 5290 बालिका थे। सम्मिलित परीक्षार्थियों के उत्तीर्ण का प्रतिशत 86.29 था। 12वीं में कुल 9595 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, इनमें से 4082 बालक तथा 5513 बालिकाएं थीं। परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों के उत्तीर्ण का प्रतिशत 82.59 था।
मुख्यमंत्री, सरगुजा कलेक्टर व एसपी की उज्जवल भविष्य की कामना
फोटो
* छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की है। अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स में बधाई संदेश में उन्होंने लिखा है कि शाबाश बेटियों, 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बिटिया सिमरन शब्बा और महक अग्रवाल को बहुत-बहुत बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं। परीक्षा में उत्तीर्ण सभी बच्चों, अभिभावक एवं शिक्षकों को मेरी शुभकामनाएं और जिन बच्चों के परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आए उनको निराश नहीं होना है। निरंतर मेहनत करते रहें, भविष्य में और बेहतर करने के कई मौके मिलेंगे। एक दिन सफलता जरूर आपके कदम चूमेगी।
फोटो
* कलेक्टर विलास भोस्कर ने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी हैं और जो छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण नहीं हो सके हैं, उन्हें निराश ना होते हुए फिर दोगुना मेहनत करने के लिए प्रेरित किया है।
फोटो
* पुलिस अधीक्षक सरगुजा विजय अग्रवाल ने भी परीक्षा में सफल हुए सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा है कि जिन छात्र-छात्राओं को सफलता नहीं मिली है, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। यह जीवन का महत्वपूर्ण चरण है, आगे बढ़ें, कड़ी मेहनत करें और सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करें।

Categorized in: