अंबिकापुर। वॉकर के सहारे गली से होते घर जाने के लिए निकली वृद्धा के गले से सोने का चैन लूटकर स्कूटी सवार फरार हो गए। लूटी गई चैन की कीमत 40 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी की करतूत सीसीटीव्ही में कैद हो गई है। पुलिस लुटेरे के तलाश में लगी है।  

नवापारा निवासी दुकान संचालक प्रशांत सोनी पिता नन्द कुमार सोनी ने पुलिस को बताया है कि घर में ही वह किराना व मोबाइल दुकान का संचालन करता है। उसकी दादी सुमित्रा सोनी काफी बुजुर्ग हो गई है और वॉकर के सहारे चलती है। आठ मई की रात करीब 08.45 बजे उसकी दादी सुमित्रा सोनी दुकान से उठकर गली से होते हुए घर जाने निकली थी, इसी दौरान अज्ञात स्कूटी चालक उसकी दादी के गले से सोने का चैन को लूट कर फरार हो गया। दादी सुमित्रा सोनी के चिल्लाने पर मां सीमा सोनी व बहन निशा सोनी मौके पर पहुंचे तो दादी वहीं गिरी हुई थी। घटना के समय प्रशांत बाजार गया था। इसकी जानकारी फोन से मिलने पर वह घर पहुंचकर सीसीटीव्ही कैमरे को देखा तो अज्ञात स्कूटी चालक दादी को अकेले जाते देखकर गले में पहने सोने का चैन लूटकर, उन्हें धक्का मारकर भागते नजर आया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात स्कूटी सवार के विरूद्ध धारा 392 का मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: