बिश्रामपुर। ग्राम पंचायत शिवनंदपुर के शांतिनगर निवासी एक व्यक्ति के घर के परछी में खड़ी बाइक को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया है। बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर शांतिनगर निवासी प्रार्थी विकास कुशवाहा ने गुरुवार की रात अपने घर के परछी में अपनी बाइक पैशन प्रो मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 15 सीआर 4149 को खड़ा किया था। आज सुबह देखा कि परिसर का दरवाजा टूटा है और अज्ञात चोर ने उसकी पैशन प्रो मोटर सायकल को चोरी कर लिया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 457, 380 के तहत जुर्म दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि क्षेत्र में इन दिनों चोरी की वारदात अचानक बढ़ गई है। चोर अब कहीं पर भी कभी भी चोरी की वारदात को अंजाम देने नहीं हिचक रहे हैं।  एक सप्ताह पूर्व ही ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर शक्तिनगर मोहल्ले में निवासरत एक आरक्षक के घर में खड़ी बुलेट बाइक को भी अज्ञात चोरों ने आसानी से पार कर दिया है, हालांकि मामला पुलिस आरक्षक के घर से जुड़ा होने के कारण उक्त पुलिस कर्मी ने बुलेट चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं कराई है। इसी प्रकार पिछले दिनों एनएच 43 किनारे निर्माणाधीन जलतरंग होटल से चोरों ने बिजली की वायरिंग में लगे अस्सी हजार लागत के कॉपर के तार जगह-जगह से काटकर चोरी कर लिया है। वर्तमान में चोरों के बढ़े हौसले ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है।

Categorized in: