बिश्रामपुर। भूसा लोड ट्रक की चपेट में आने से जयनगर स्थित रेलवे फाटक का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। आरपीएफ की टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर करीब बारह बजे लखनपुर से भूसा लोडकर ट्रक क्रमांक सीजी 10 सी 2321 का चालक सुरजपुर लांछा बड़कापारा निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा पिता भद्दार विश्वकर्मा नयनपुर स्थित इंदिरा पावर प्लांट जा रहा था। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर ग्राम पंचायत जयनगर में रेलवे पोल क्रमांक 1025/11 व 1025/12 के मध्य स्थित रेलवे फाटक के एक हिस्सा ओव्हर लोड ट्रक की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। फाटक के रेलवे कर्मचारी की सक्रियता से आरपीएफ अंबिकापुर थाना प्रभारी सुनीता मिंज की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 154, 174 सी के तहत कार्यवाही की गई है। ज्ञात हो कि उक्त घटना की वजह से अंबिकापुर-शहडोल मेमू ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटे विलंब से गंतव्य के लिए रवाना हो सकी है। यहां पर रेलवे विभाग के कर्मचारियों द्वारा तत्काल क्षतिग्रस्त रेलवे फाटक का मरम्मत कार्य कर लिया गया है।

Categorized in: