सरगुजा जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्र से 845 श्रमिकों ने किया है पलायन, 488 से हुई बात

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्र से 845 श्रमिकों ने पलायन किया है। इन श्रमिकों से मतदान दिवस पर अपने गृहग्राम में आकर वोट देने की अपील स्वयं कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोस्कर के द्वारा वीडियो कॉल करके की जा रही है, ताकि मजबूत लोकतंत्र की स्थापना में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके। पलायन किए गए 488 श्रमिकों से अभी तक संपर्क स्थापित किया गया है और इनसे मतदान के लिए घर वापस आने की अपील ‘घर आ जा संगी कार्यक्रम के तहत की गई है। शेष श्रमिकों से भी संपर्क किया जा रहा है। इन्हें मतदान की जानकारी देते हुए मतदान अवश्य करने के  लिए जागरूक किया जा रहा है।


कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोस्कर ने शनिवार को वीडियो कॉल के जरिए पलायन हुए श्रमिक ओमप्रकाश से बात की, जो सरगुजा जिला के मैनपाट विकासखंड अंतर्गत ग्राम कतकालो के रहने वाले हैं। कलेक्टर ने इनसे मतदान दिवस सात मई को अपने गांव आने और मतदान करने की अपील की गई। बता दें जिले में शत-प्रतिशत मतदान के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में लगातार स्वीप जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर पलायन हुए श्रमिकों से मतदान दिवस पर मतदान के लिए घर वापस आने की गुजारिश भी कर रहे हैं। ग्राम कतकालो के ओमप्रकाश इन दिनों गोवा में हैं। कलेक्टर विलास भोस्कर ने वीडियो कॉल पर इनसे बात करके लोकतंत्र के महत्वपूर्ण पर्व पर सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने ओमप्रकाश से मतदान के लिए अपने घर अवश्य आने के लिए कहा, जिससे वे यहां आकर अपना अमूल्य वोट दे सकें। गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देशनुसार प्रदेश में पलायन हुए श्रमिकों के लिए ‘घर आजा संगीÓ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इसके तहत श्रमिकों से संपर्क करके उन्हें मतदान के लिए घर वापस आने की अपील की जा रही है।

Categorized in: