girija thakur

अंबिकापुर। महामाया मंदिर स्थाई पुलिस पिकेट टीम एवं थाना कोतवाली पुलिस टीम ने मंगलसूत्र चोरी के मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया हुआ मंगलसूत्र बरामद करने में पुलिस सफल हुई है, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये है।

पुलिस ने बताया चांदनी चौक अंबिकापुर प्रिया सोनी 26 वर्ष ने कोतवाली थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 16 अप्रैल को वह अपने पति के साथ महामाया मंदिर दर्शन करने गई थी। मंदिर में दर्शन के बाद बाहर रोड में प्रसाद वितरण के लाइन में लगी थी, इसी दौरान किसी अज्ञात महिला ने धक्का देकर भीड़ का फायदा उठाते हुए गले में पहने हुए सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया। चोरी गए मंगलसूत्र की कीमत 10 हजार रुपये बताई गई थी। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 379 भादवि का अपराध पुलिस ने दर्ज किया था। महामाया मंदिर स्थाई पुलिस पिकेट टीम ने सतत प्रयास करते हुए तीन संदेही महिलाओं कुमती 40 वर्ष, प्रभा 40 वर्ष व श्रीमती संजू 50 वर्ष तीनों निवासी तरुह थाना अकलतरा, जिला जांजगीर को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो इन्होंने भीड़भाड़ का फायदा उठाकर मंगलसूत्र चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी किया गया एक मंगलसूत्र बरामद किया है। आरोपियों के विरूद्ध धारा 41 (ए) सीआरपीसी के प्रावधान अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना कोतवाली से उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज, उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक चंद्रप्रताप सिंह, आरक्षक शिवमंगल सक्रिय रहे।

Categorized in: