दरिमा थाना में रिपोर्ट नहीं लिखने पर पीड़िता पहुंची एसपी के पास, केस दर्ज

अंबिकापुर। पुलिस अधीक्षक के यहां की गई शिकायत पर दरिमा थाना पुलिस ने ग्राम मोतीपुर भाटापारा की एक महिला के विरूद्ध घर में घुसकर चाकू व डण्डा से हमला करते हुए गाली-गलौज व जान से मरवा कर फेंक देने की धमकी देने के मामले में केस दर्ज कर लिया है। महिला ने पुलिस कप्तान को दिए आवेदन में बताया है कि मारपीट से घायल होने के बाद उसका इलाज अंबिकापुर के जिला अस्पताल में चल रहा था। स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर वह दरिमा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची, लेकिन वहां केस दर्ज नहीं किया गया। जबरन उसे थाने में बैठाकर रखा गया। महिला ने अंदेशा जताया था कि आरोपी महिला शराब बनाती है, इस कारण थाना दरिमा में रुपये का लेनदेन करके मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक रिया कश्यप पति संजय कुमार कश्यप मेहनत मजदूरी करके अपना व परिवार का जीविकोपार्जन करती है। 29 मार्च को वह मजदूरी करने जा रही थी, इस दौरान रास्ते में जान पहचान की एक महिला मिली, वह बताई कि उसका पति राहुल 20-25 दिन से घर नहीं आ रहा है, उनका कहीं पता नहीं चल रहा है। इस पर उसने बताया कि उसके मोहल्ले में सुनीता प्रजापति नाम की महिला के घर में वह उसके पति को देखी है। पति को तलाशते उक्त महिला सुनीता के घर में पहुंच गई, यहां दोनों के बीच बहस की स्थिति निर्मित हो गई। इसके बाद सुनीता नामक महिला रिया के घर में घुसकर गालीगलौज करते हुए राहुल के बारे में तुम बताई हो, कहते हुए डण्डे से व चाकू से हमला कर दी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई। आसपास के लोग उसे जिला चिकित्सालय अंबिकापुर लेकर पहुंचे। इलाज के बाद स्वस्थ्य होने पर वह दरिमा थाना में घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने आरोपिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपिया के विरूद्ध धारा 294, 323, 452, 506 का मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: