बिश्रामपुर। मटन मार्केट को व्यवस्थित कराए जाने को लेकर आज सूरजपुर एसडीएम द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। एसडीएम द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों की मांग को लेकर दुकानदारों से बकाया राशि तत्काल जमा कराए जाने के निर्देश भी दिए गए। दर असल शनिवार को मटन मार्केट को व्यवस्थित कराए जाने हेतु सूरजपुर एसडीएम जगन्नाथ वर्मा द्वारा टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कई स्थानों का स्थल निरीक्षण किया गया। जिसमें फिलहाल अमेरा सहक्षेत्र कार्यालय के समीप स्थल का चिन्हांकन किया गया। अब मामले में कलेक्टर द्वारा क्षेत्रीय महाप्रबंधक के साथ बैठक करके स्थल को अंतिम रूप दिए जाने की बात कही जा रही है। इसके पश्चात एसडीएम वर्मा ने ग्राम पंचायत कुंजनगर में स्थित गहिरा गुरु आश्रम के मार्ग पर एक व्यक्ति द्वारा अहाता निर्माण कार्य कराकर मार्ग अवरूद्ध किए जाने पर मौके का अवलोकन करके आश्रम में आने जाने हेतु रास्ता खाली कराए जाने के निर्देश नायब तहसीलदार को दिए गए हैं। इसके पश्चात एसडीएम वर्मा द्वारा ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा पिछले दिनों कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पंचायत के दुकानों के लाखों रुपए बकाया राशि की वसूली कराए जाने की मांग पर पंचायत के किराए पर लिए गए दुकानदारों से मुलाकात की गई। मुलाकात के दौरान बकाया राशि का भुगतान जल्द ही पंचायत में जमा कराए जाने के निर्देश दिए गए, जिस पर दुकानदारों द्वारा दो महीने पूरी बकाया राशि का भुगतान किए जाने की बात कही गई है। इस दौरान नायब तहसीलदार रामबिलास मानिकपुरी, नगर पंचायत सीएमओ सुशील कुमार तिवारी, शिवनंदनपुर सरपंच विमला देवी, रितेश जायसवाल, राजस्व निरीक्षक धर्मदेव लकड़ा, हल्का पटवारी सतीश सिंह व अन्य उपस्थित थे।

Categorized in: