बिश्रामपुर। मार्केटिंग करके वापस घर लौट रहे मां बेटी के साथ आज दिन दहाड़े अज्ञात बाइक सवार व्यक्ति द्वारा नगदी रकम की लूटपाट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। गौरतलब है कि अंबिकापुर-बनारस अंतर्राजीय मार्ग पर गुरुवार दोपहर अंबिकापुर से खरीददारी कर लौट रही स्कूटी सवार महिला का पीछा कर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने चेकिंग के नाम पर उसके पर्स से करीब छह हजार रुपए नगद लूटकर फरार हो गए हैं। लूट की शिकार हुई महिला ग्राम पंचायत गजाधरपुर प्रधानपारा निवासी 55 वर्षीय कांति देवी पति कमलेश्वर साय ने मामले की शिकायत लटोरी चौकी में दर्ज कराई है। दिन दहाड़े हुई लूटपाट की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल महिला की रिपोर्ट पर अज्ञात बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ धारा 392, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। ज्ञात हो कि  ग्राम पंचायत गजाधरपुर प्रधानपारा निवासी महिला कांति देवी आज अपनी पुत्री यशोदा के साथ अपनी स्कूटी में मार्केटिंग करने अंबिकापुर गई थी। वह मार्केटिंग कर दोपहर करीब ढाई बजे लौट रही थी, तभी अंबिकापुर- बनारस हाइवे पर ग्राम पंचायत सोनवाही जंगल में अज्ञात बाइक सवार दो युवक पीछा करते हुए सुनसान जगह पर महिला की स्कूटी रुकवा लिया और जांच के नाम पर उसका झोला व पर्स देखने लगे। इस दौरान झोला में रखे महिला के पर्स से करीब छह हजार रुपए नगद बाइक सवार लुटेरों ने निकालकर बाइक स्टार्ट कर अंबिकापुर की ओर तेजी से भाग निकले। लूट की शिकार महिला ने बताया कि जब उसे अपने लूटे जाने का अहसास हुआ तब महिला स्कूटी से बाइक सवारों का पीछा भी किया लेकिन तब तक दोनों अज्ञात आरोपी नजरों से ओझल हो चुके थे।

Categorized in: