मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी, पूर्व में भी घर से 6 लाख के जेवरात की चोरी का मामला ठंडे बस्ते में

लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 में थाना क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर में स्थित हार्डवेयर दुकान, जय बजरंग ट्रेडर्स में एक लाख 70 हजार रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। चोरी की सूचना के बाद शनिवार की सुबह लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार जय बजरंग ट्रेडर्स के संचालक अमन तायल प्रतिदिन की भांति 23 मार्च, शनिवार की सुबह नौ बजे दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि पीछे का दरवाजे के ताला टूटा हुआ है और अंदर के सामान बिखरे पड़े हैं। लकड़ी तिजोरी में रखा एक लाख 70 हजार रुपये भी नहीं है। दुकान संचालक और उनके पिता दिनेश तायल ने घटना की सूचना लखनपुर थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी मनोज प्रजापति दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। चोरी के आरोपियों की पतासाजी के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। बता दें कि इसके पहले जय बजरंग बस सर्विस के ऑनर व कांग्रेस नेता दिनेश तायल के घर में विधानसभा चुनाव दौरान छह लाख रुपये के जेवरात की चोरी हुई थी। लखनपुर थाने में चोरी की रिपोर्ट लिखने तत्कालीन थाना प्रभारी एलआर चौहान से उन्होंने आग्रह किया था लेकिन उस मामले में आज पर्यंत कोई कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्र में लगातार चोरी के मामले सामने आ रहे हैं, परंतु पुलिस चोरी पर अंकुश लगाने में नाकाम है। ऐसे में कहीं ना कहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इनके घर और दुकान में चार महीने के अंदर दो बार चोरी की घटना होने से आमजन भी सकते में हैं।

Categorized in: