कलेक्टर की अभिनव पहल पर जिले में 28 मार्च से शुरू होगी नि:शुल्क आवासीय कोचिंग

150 सीटों के लिए पंजीयन जारी, निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी करा सकते हैं पंजीयन

अंबिकापुर। सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर विद्यार्थियों की शिक्षा को लेकर गंभीर हैं। इनकी प्राथमिकताओं में शिक्षा व्यवस्था शामिल है। विद्यार्थियों का भविष्य उज्जवल हो, इसे लेकर उन्होंने अभिनव पहल की है। जिले में कक्षा 12वीं में पढ़ने वाले व नीट परीक्षा में सम्मिलित हो रहे छात्र-छात्राओं के परीक्षा की तैयारी में मदद के लिए कलेक्टर जिला स्तर पर नि:शुल्क आवासीय कोचिंग की शुरुआत कर रहे हैं। कलेक्टर की मंशा नीट परीक्षा की तैयारी के लिए जिले के छात्र-छात्राओं को प्रशासन की ओर से मदद की है, क्योंकि हर कोई बाहर जाकर या महंगे कोचिंग संस्थानों में जाकर नीट की तैयारी नहीं कर सकता है। इससे विशेष रूप से आर्थिक दृष्टि से कमजोर छात्र-छात्राओं को कोचिंग की सुविधा मिलेगी और वे मन लगाकर तैयारी योग्य बन सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य बच्चों को परीक्षा की तैयारी के लिए संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कोचिंग कक्षाओं की अवधि 28 मार्च से 04 मई निर्धारित की गई है। कोचिंग का आयोजन जिला स्तर पर नि:शुल्क और आवासीय होगा। जिला स्तर पर कोचिंग स्थल शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में पदस्थ व्याख्याताओं में अनुभवी व्याख्याताओं का चयन किया गया है। कोचिंग का समय सुबह 7.30 से दोपहर एक बजे तक रहेगा। भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान और वनस्पति विज्ञान प्रत्येक विषय हेतु एक कालखंड एवं विषयगत शंका समाधान हेतु एक कालखंड निर्धारित होगा। पाक्षिक अध्यापन का मूल्यांकन किया जाएगा, इसके विश्लेषण के आधार पर अगले पाक्षिक के लिए कार्य योजना तैयार की जाएगी। यह कार्य संबंधित विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। पूरी कोचिंग अवधि में तीन बार टेस्ट होंगे, जिसमें छात्र-छात्राओं का प्रोग्रेस दर्ज होगा। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 80 बच्चों का पंजीयन किया गया।

पंजीयन के लिए यह अनिवार्य
जिला प्रशासन द्वारा शुरू की जा रही नि:शुल्क आवासीय कोचिंग में शासकीय स्कूलों के साथ ही निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं भी पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के लिए छात्र-छात्राएं अंबिकापुर के मल्टीपरपज स्कूल परिसर स्थित राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के कार्यालय पहुंच कर संपर्क कर सकते हैं। पंजीयन के लिए इच्छुक छात्र-छात्राओं को अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और पिछली कक्षा के मार्कशीट की छायाप्रति लानी होगी। यदि 12वीं उत्तीर्ण कर चुके हैं तो 12वीं की मार्कशीट लानी होगी। यदि इस वर्ष 12वीं की परीक्षा दी है तो 11वीं उत्तीर्ण की मार्कशीट लानी होगी।

Categorized in: