बिश्रामपुर। ग्राम पंचायत करवा में स्थित शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल के समीप एक महिला द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण को आज लटोरी तहसीलदार के निर्देश पर हटा दिया गया। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत करवा निवासी देवनी कुशवाहा पति कृष्णा कुशवाहा द्वारा गांव में ही संचालित शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल के समीप शासकीय भूमि खसरा नंबर 108/1 के रकबा 17.37 हेक्टेयर भूमि में से 16 बाई 5 मीटर भूमि पर अवैध रूप से 28 फरवरी 2024 को खूंटा गाड़कर बेजा कब्जा कर लिया गया था। मामले में लटोरी तहसीलदार के निर्देश पर बुधवार को राजस्व निरीक्षक भरत प्रजापति, लटोरी चौकी से सहायक उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, हल्का पटवारी राजेंद्र आयाम, सरपंच प्रतिनिधि ललन सिंह, मधुसूदन कुशवाहा, नारायण राजवाड़े, अटल सिंह सहित अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में महिला द्वारा किए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की गई। बताया जा रहा है कि कार्यवाही के दौरान महिला द्वारा काफी हंगामा भी किया गया और पंचनामा में हस्ताक्षर भी नहीं किया गया। महिला का कहना था कि गांव में और लोगों द्वारा भी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है, उनके खिलाफ भी कार्यवाही किया जाए। महिला द्वारा यहां पर वर्षों से शासकीय भूमि पर स्थित नारायण राजवाड़े के महुआ पेंड को भी अपने अतिक्रमण में शामिल कर लिया गया था।

Categorized in: