छ.ग.फ्रंटलाइन
रामानुजनगर। हायर सेकेण्डरी स्कूल पतरापाली में प्राचार्य द्वारा छात्रों से किए गए कथित गाली-गलौज को लेकर उपजा विवाद बढ़ता ही जा रहा है। पीड़ित बच्चों की शिकायत पर मंगलवार को जांच करने बीईओ पहुंचते, उसके पहले ही प्राचार्य आकस्मिक अवकाश पर चले गए। लिहाजा बीईओ बिना किसी का बयान लिए ही वापस आ गए। अब छात्रों के बाद वहां के शिक्षक व दूसरे स्टाफ भी प्राचार्य के विरोध में खड़े हो गए हैं।
दरअसल दो दिन पहले शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पतरापाली के कुछ छात्रों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंच कर वहां के प्राचार्य पर बच्चों को गंदी गालियां देने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच, कार्रवाई की मांग की थी। समुचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। मंगलवार को मामले की जांच करने बीईओ पहुंचते, इसके पहले ही प्राचार्य आकस्मिक अवकाश डालकर चले गए। मीडिया से चर्चा करते हुए स्कूल के शिक्षकों ने भी प्रिंसिपल के कार्य व्यवहार पर सवाल खड़े किए हैं और आरोप लगाया है कि प्राचार्य सिर्फ बच्चों को ही नहीं बल्कि स्कूल के दूसरे स्टाफ को भी इसी तरह गालियां देते हैं। शिक्षकों ने प्राचार्य द्वारा जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगाया है।
स्कूल का माहौल हो रहा खराब
प्राचार्य के कार्यप्रणाली से पूरे स्कूल का माहौल खराब हो गया है। बताया जा रहा है कि पूरे स्टाफ व विद्यार्थियों को प्राचार्य द्वारा धमका कर रखा जाता है, ताकि कोई भी उनके खिलाफ मुंह न खोल सके। दहशत भरे माहौल में उस स्कूल में क्या पढ़ाई होती होगी, इस बात का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। अब तक गांव के लोग स्कूल के अंदरूनी मसलों से कोई मतलब नहीं रखा करते थे, मगर लगातार स्कूल का माहौल खराब होने से ग्रामीण नाराज हैं। कभी भी प्रिंसिपल के विरुद्ध गुस्सा फूट सकता है।

Categorized in: