ड्राइवर को नशे की गोली खिलाया, जमकर की मारपीट

अंबिकापुर। जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा आए दिन हो रहे अपराधों से लगाया जा सकता है। पुलिस की सक्रियता और सख्ती को धत्ता बताकर अपराधों को अंजाम देने में असामाजिक तत्व लगे हैं। इसी क्रम में किराए में स्कार्पियो वाहन लेने के बाद कट्टे की नोक पर चालक को नशे की गोली खिलाकर बदमाशों के द्वारा वाहन लूट लेने का मामला सामने आया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कार्पियो वाहन लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट भी की और हाथ-पैर बांधकर उसे सड़क के किनारे फेंक दिया था। घटना शुक्रवार देर शाम की है। वाहन स्वामी के द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।

जानकारी के मुताबिक आधा दर्जन बदमाशों ने घूमने के नाम पर स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी 15 डीडी 1839 को किराए पर बुक किया था। इसके बाद सभी मैनपाट के अनमोल रिसार्ट पहुंचे और खाना खाकर दलदली घूमने चले गए। यहां बदमाशों ने कट्टा दिखाकर भयादोहन करते हुए वाहन चालक सहबान अली को नशे की गोलियां खिलाई और स्कॉर्पियो लेकर मैनपाट से ग्राम बेलखरिखा होते लखनपुर की ओर आए। आरोपियों ने ड्राइवर से मारपीट करने के बाद हाथ-पैर बांधकर उसे सड़क किनारे फेंक दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो वाहन लेकर निकल गए। स्कार्पियो चालक किसी तरह अपना हाथ-पैर खोलकर रिश्तेदार को फोन लगाया और डॉयल 112 को घटना से अवगत कराया। घायल चालक को लखनपुर अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सिर में चोट आने के कारण चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल सिटी स्कैन के लिए रिफर कर दिया। मैनपाट पुलिस ने क्षेत्र में जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लिया है। शनिवार को एसडीओपी अखिलेश कौशिक सहित अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की तहकीकात करते नजर आए। पुलिस सीसीटीवी की जांच करते आरोपियों के पतासाजी में जुट गई है।

Categorized in: