अनैतिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी

अंबिकापुर। जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने 80 निगरानी व गुंडा बदमाशों की हाजरी ली गई। इन्हें किसी भी अनैतिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई। जिला मुख्यालय सहित जिले के समस्त थाना, चौकी में अभियान चलाकर निगरानी, गुंडा बदमाशों के अद्यतन फोटोग्राफ, फिंगर प्रिंट लिए गए।

जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय सहित जिले के समस्त थाना, चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में निवास करने वाले निगरानी एवं गुंडा, बदमाशों की संबंधित थानों में हाजरी करवाकर गुजर-बसर चेक करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा मृत, उम्रदराज होने एवं कई वर्षों से अपराधिक गतिविधियों से दूर रहकर सामान्य जीवन बिताने वाले निगरानी गुंडा बदमाशों की अद्यतन सूची प्रस्तुत करने के निर्देश के पालन में समस्त थाना, चौकी पुलिस टीम द्वारा 23 निगरानी बदमाश एवं 57 गुंडा बदमाशों की हाजरी करवाकर गुजर-बसर चेक किया गया। निगरानी एवं गुंडा बदमाशों के अद्यतन फोटोग्राफ एवं फिंगर प्रिंट लिए गए। पुलिस टीम द्वारा निगरानी एवं गुंडा बदमाशों को समय-समय पर चेकिंग किए जाने के दौरान अपने निवास में उपस्थिति हेतु निर्देशित किया गया। थाना क्षेत्र से बाहर जाने के पहले संबंधित थाने में सूचना देते हुए ठहरने वाले निवास स्थान का पूर्ण पता देने की समझाइश दी गई। पुलिस टीम मृत, वृद्ध एवं कई वर्षों से आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने वाले निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की सूची अद्यतन कर रही है। निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की हाजरी दौरान इन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई। सरगुजा पुलिस ने जिले में अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने की पहल की है।

Categorized in: