अंबिकापुर। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने के मामले में थाना लुन्ड्रा की पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बकनाकला लुन्ड्रा निवासी पवन दास 27 वर्ष ने 23/04/22 को थाना लुन्ड्रा आकर बताया था कि गांव के चितवा डोंगरी जंगल में गांव का ही एक व्यक्ति फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में लिया। पुलिस ने घटनास्थल निरीक्षण कर शव पंचनामा किया और मृतक के स्वजनों का बयान लिया था। जांच में राम कुमार नागेश एवं उसकी पत्नी सविता द्वारा मृतक पर मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाते हुए हाथ-झापड़ से मारपीट कर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करना सामने आया। पुलिस का कहना है कि इसके बाद मृतक मोबाइल वापस कर दिया था। पुलिस टीम ने राम कुमार नागेश 27 वर्ष एवं पत्नी सविता 25 वर्ष दोनों निवासी बकनाकला थाना लुन्ड्रा से घटना के संबंध में पूछताछ किया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 306, 34 भादवि का अपराध दर्ज कर इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश केरकेट्टा, महिला आरक्षक प्रेमा मरावी, आरक्षक हेमंत लकड़ा, अनिल मरावी, अनिल बड़ा शामिल रहे।

Categorized in: