प्रा.शा. रेडियापारा में गिरी आकाशीय बिजली एक मासूम की मौत, 4 बच्चे व 1 महिला स्वस्थ कर्मी झुलसे
0 बिहारपुर में प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे जिला अस्पताल रिफर
 सूरजपुर। मंगलवार की दोपहर जिले के दूरस्थ ग्राम खैरा प्राशा रेडियापारा में गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जहां एक मासूम की मौत हो गई है। वहीं चार बच्चे व एक महिला स्वस्थ कर्मी झुलस गए है। चारो बच्चो को बिहारपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार पश्चात यहां जिला अस्पताल रिफर किया गया है। जबकि महिला स्वस्थ कर्मी का बिहारपुर में ही उपचार किया जा रहा है। पिछले कई दिनों से आंख मिचौली खेल रहे  मौसम का मिजाज मंगलवार को अचानक बदल गया और सर्द तेज हवाओ के साथ हो रही हल्की बूंदाबांदी के बीच गड़गड़ा रहे बादल से गिरी आकाशीय बिजली ने लंच टाईम में करीब डेढ़ बजे स्कूल से बाहर निकले बच्चो व टीकारण के लिए स्कूल के बगल में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र गई महिला स्वास्थ्य कर्मी को अपनी चपेट में ले लिया। बताया गया है कि स्कूल परिसर में गिरे आकाशीय बिजली की चपेट मे आने से कक्षा चौथी के छात्र 9 वर्षीय लक्ष्मण सिंह पिता रामलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अमरजीत सिंह पिता कुंभकरण उम्र 8 वर्ष, सहदेव सिंह पिता रामनाथ उम्र 8 वर्ष, भवन सिंह पिता देवनारायन सिंह कक्षा दूसरी व शिवराम सिंह पिता रामकिशन कक्षा चौथी सहित स्कूल के बगल में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चो के टीकारण हेतु आई महिला स्वास्थ्य कर्मी ज्योति पैकरा झुलस गई है। हादसे की सूचना पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर के डॉक्टर  तत्काल मौके पर पहुंचे और सभी को उपचार के लिए बिहारपुर अस्पताल लाया गया। जहां बच्चो के प्राथमिक उपचार पश्चात चिकित्सको ने उन्हें सूरजपुर जिला अस्पताल रिफर किया है।  वहीं महिला स्वास्थ्य कर्मी का उपचार बिहारपुर में ही किया जा रहा है। हादसे से गांव में मातम का माहौल है। बताया गया है कि मौसम की मार से क्षेत्र में बिजली भी गुल हो गई है। हादसे में झुलसे बच्चो का चिकित्सको ने टार्च के सहारे प्राथमिक उपचार किया है। बिहारपुर  अस्पताल में सौर ऊर्जा के तहत बिजली की व्यवस्था थी। परंतु महीनों से सौर ऊर्जा का अस्पताल में लगा प्लांट खराब पड़ा है। जिसके लिए कई बार जिलाधिकारियों को पत्राचार किया गया है मगर नए प्लांट लगाने की दिशा में कोई पहल नहीं हो सकी है। जिसके कारण बिजली गुल होने पर बिहारपुर अस्पताल में टार्च का सहारा लेकर मरीजो का उपचार करना चिकित्सको की मजबूरी बन गई है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर एस सिंह ने बताया कि बिहारपुर अस्पताल में सौर ऊर्जा प्लांट के लिए क्रेडा विभाग को पत्राचार किया गया है जल्द ही अस्पताल में सौर ऊर्जा प्लांट लगाई जाएगी।

Categorized in: