फाइनेंस कंपनी का नोटिस आने पर क्रेता के उड़े होश, तीन आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। कम कीमत पर मोटरसाइकिल दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में थाना बतौली पुलिस टीम नेे 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जशपुर जिला के बगीचा थाना अंतर्गत ग्राम महनई निवासी बचु यादव 44 वर्ष ने बीते 14 अप्रैल को थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वर्ष 2022 में उसे मोटरसाइकिल खरीदना था।इ सकी जानकारी यशवंत यादव को हुई और वह उसे गांव आकर बताया कि उसकी एक कंपनी में जान-पहचान हैं, जहां 25 प्रतिशत कम कीमत पर मोटरसाइकिल मिल जाएगा। इसका झांसा देकर वह उसे बतौली स्थित अंकन बजाज शो रूम ले गया और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर दो मोटरसाइकिल के लिए लगभग 45 हजार रुपये नगद एवं अलग-अलग किस्तों मे कुल एक लाख 10 हजार रुपये ले लिया। बाद में बचु यादव को इंडसइंड बैंक से लोन का किस्त पेमेंट करने हेतु मैसेज मिला। जब वह यशवंत यादव एवं अन्य से संपर्क किया गया ,तो वे किसी प्रकार की जानकारी नहीं दिए। बाद में जब वह अपने स्तर पर पता किया तो यशवंत यादव एवं अन्य के द्वारा 60 हजार रुपये में 02 मोटरसाइकिल फाइनेंस कराने और शेष 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने की जानकारी मिली।

मोटरसाइकिल क्रेता को इंडसइंड बैंक में खाता खुलने एवं लोन की जानकारी प्रदान नहीं की गई थी। रपोर्ट पर थाना बतौली में धारा 420, 34 भादवि का अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना में लिया था। पुलिस टीम ने दशरथ यादव 32 वर्ष निवासी दुंदु धौरपुर, विपिन जायसवाल 29 वर्ष निवासी महावीरपुर को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो इन्होंने ठगी करना स्वीकार किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया आरोपी यशवंत यादव 42 वर्ष निवासी जगिया नवापारा थाना शंकरगढ़ जिला बलरामपुर को प्रकरण में उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत प्राप्त हुआ था, उसकी भी गिरफ्तारी की गई है। कार्रवाई में थाना बतौली से आरक्षक राजेश खलखो, अशोक भगत, पंकज शामिल रहे।

Categorized in: