बिश्रामपुर। नौकरी व मुआवजा की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा आमगांव खदान को बंद करके शुरू किया गया अनिश्चित कालीन हड़ताल आज भी जारी रहा। कमिश्नर के आश्वासन उपरांत अब हड़ताल खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है। गौरतलब है कि एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र अंतर्गत संचालित आमगांव खदान के प्रभावित लोगों द्वारा लंबे समय से नौकरी व मुआवजा की मांग की जा रही है। मांगों को लेकर ग्रामीणों द्वारा समय समय पर कई बार प्रबंधन के अलावा जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा भी कर चुके हैं लेकिन उन्हें केवल आश्वासन से ही वर्षों बाद भी संतोष करना पड़ रहा है। इसी बात से नाराज ग्रामीणों द्वारा वर्षों से लंबित नौकरी व मुआवजे की मांग को लेकर पिछले दिनों 16 फरवरी से पुनः आमगांव खदान के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। हड़ताल आज भी जारी रहा लेकिन आंदोलन स्थल के बाजू पंचायत राजापुर पहुंचे कमिश्नर जीआर चुरेंद्र ने हड़तालियों के प्रतिनिधि मंडल को बुलाकर प्रबंधन के उपस्थिति में बैठक कर चर्चा किया गया। चर्चा के दौरान कमिश्नर ने हड़तालियों को आंदोलन खत्म करने की सलाह देते हुए महीने भर में मांगों को पूरा कराए जाने का भरोसा दिलाया गया है। कमिश्नर की पहल व आश्वासन उपरांत अब शुक्रवार 23 फरवरी को उक्त अनिश्चितकालीन हड़ताल खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि प्रबंधन द्वारा हड़ताल की वजह से करीब 14 करोड़ रुपए के राजस्व नुकसान होने की बात कही जा रही है।

Categorized in: