मूर्तियों से भी कर रहे छेड़छाड़, पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में  

भटगांव। नगर पंचायत जरही में सिलसिलेवार चोरियां हो रही हैं। सप्ताह भर के अंदर चोरों ने दो मंदिरों से दान पेटियों की चोरी की है। जरही के उर्जानगर स्थित शिव मंदिर को इस बार चोरों ने निशाना बनाया और मंदिरों से दान पेटी चोरी करके ले गए। चोरों ने 14 फरवरी को नगर पंचायत जरही के शक्तिनगर स्थित हनुमान मंदिर से दान पेटी चोरी कर ली थी। पूजा के पश्चात जब लोगों का ध्यान दोपहर में दान पेटी की ओर गया तो दान पेटी कहीं भी दिखाई नहीं दिया, जबकि सुबह तक दान पेटी मंदिर में था। दोपहर 12 से 2 बजे के बीच चोरी की घटना ने लोगों को सकते में डाल दिया। मंदिरों में हो रही लगातार चोरियों और मूर्तियों से छेड़खानी से श्रद्धालुओं में आक्रोश है। लोगों की आस्था को ठेस पहुंच रही है। पुलिस प्रशासन के प्रति भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पुलिस की गस्त पर सवालिया निशान लग रहे हैं। चोरों एवं असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद देखकर लोगों का कहना है कि जब मंदिर सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजनों के जान-माल की सुरक्षा कैसे होगी।

शिवजी का डमरू ले गए, राधा के माला को तोड़ा
जरही के शिव मंदिर में स्थित राधा कृष्ण मंदिर, शिव मंदिर और प्रांगण में रखे दान पेटी को चोर चुरा कर ले गए। मंदिर से कुछ दूरी पर दान पेटी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। चोरों ने दान पेटियों को तोड़कर पैसे निकाले थे। लोगों में आक्रोश इस बात का है कि चोरों ने मंदिर में भी छेड़छाड़ की है। चोर शिवजी का डमरू भी चुरा कर ले गए। साथ ही राधा कृष्ण स्थित मंदिर में राधा जी की मूर्ति के माला को भी तोड़ा गया है।
कोयला, कबाड़ जैसे चोरियों के बाद लगातार मंदिरों में हो रही चोरियों ने पुलिस के कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। कहना है कि चोरों सहित असामाजिक तत्वों के हौसले हैं। पुलिस की उपस्थिति नाम मात्र की रह गई है। चोरों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वाड की भी मदद ली गई थी लेकिन निष्कर्ष कुछ नहीं निकला। पुलिस महकमे के कुछ पुलिस कर्मियों को भी निशाने में लोग लेते रहे।

चोरी की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। जांच पड़ताल के बीच तीन दान पेटी मिले, जिनमें दो खाली थे। एक दान पेटी में सामान मिला है। केस दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।
राजेंद्र साहू, थाना प्रभारी भटगांव

Categorized in: