छ.ग.फ्रंटलाइन
अंबिकापुर। मोटरसाइकिल से हुई टक्कर में घायल स्कूटी सवार व्यक्ति की रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मोटरसाइकिल सवार का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मायापुर निवासी मृतक के पुत्र सरजात अंसारी ने पुलिस को बताया कि उनके पिता मसउव्वर अंसारी का मैरीन ड्राइव में मांस-मटन का दुकान है। बीते 31 जनवरी की शाम लगभग 5.15 बजे उसके पिता दुकान से अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 15 डीवी 4578 मेें घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान लरंग साय चौक की ओर से पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 6641 में आ रहे युवक ने डिवाइडर पार करके डीसी रोड की ओर जाने के लिए बढ़े स्कूटी सवार पिता मसउव्वर अंसारी को ठोकर मार दिया था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में दोनों वाहन चालकों को चोटें आई थी। सूचना मिलने पर मौके पर कोतवाली पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल रवाना किया। मसउव्वर अंसारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वजन उन्हें हायर सेंटर रायपुर ले गए थे, यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घायल पल्सर मोटरसाइकिल सवार का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के पुत्र की रिपोर्ट पर पुलिस धारा 279, 337 का केस दर्ज की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में पल्सर मोटरसाइकिल चालक के विरूद्ध पृथक से धारा जोड़ा जाएगा।

Categorized in: